Ramayana: ‘राम का किरदार निभाया है तो चरित्र से मत भटकना’, रणबीर कपूर से क्यों बोले धीरेंद्र शास्त्री?

KNEWS DESK – डायरेक्टर नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाली है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। जब से रणबीर के राम का किरदार निभाने की खबर सामने आई है, तब से सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं।

अब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भी रणबीर कपूर के भगवान राम का किरदार निभाने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रणबीर को सलाह देते हुए कहा कि अब उन्हें भगवान राम के चरित्र से भटकना नहीं चाहिए।

‘राम का किरदार निभाया है तो राम जैसा चरित्र बनाना चाहिए’

TV9 भारतवर्ष के एक कार्यक्रम में धीरेंद्र शास्त्री से रणबीर कपूर को लेकर सवाल पूछा गया। उनसे पूछा गया कि जो अभिनेता राम का किरदार निभा रहा है, उसके निजी जीवन को लेकर उठने वाली आपत्तियों को वह किस तरह देखते हैं।

इस पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि राम का किरदार निभाने के लिए राम जैसा चरित्र बनाने की कोशिश भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले व्यक्ति के जीवन में जो कुछ रहा हो, वह बीती बात है, लेकिन अब जब उन्होंने भगवान राम का किरदार निभाया है तो उन्हें उनके चरित्र से नहीं भटकना चाहिए।

‘फिल्म हिट हो जाए, लेकिन आप हिट नहीं हो पाओगे’

धीरेंद्र शास्त्री ने रणबीर को लेकर कहा कि अगर उन्होंने राम के चरित्र का चित्रण किया है, तो अब उन्हें अपने आचरण का भी ध्यान रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर फिल्म हिट भी हो जाती है, लेकिन कलाकार राम के चरित्र से भटक जाता है तो वह खुद लोगों के बीच स्वीकार नहीं हो पाएगा।

उन्होंने आगे अपने संदर्भ में हनुमान जी का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने हनुमान जी का नाम लेकर उनका सहारा लिया है, तो वह रावण के खानदान जैसा काम नहीं कर सकते।

अरुण गोविल का भी किया जिक्र

धीरेंद्र शास्त्री ने इस दौरान रामानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल का उदाहरण भी दिया।

उन्होंने एक पुराने किस्से का जिक्र करते हुए बताया कि ‘रामायण’ में राम का किरदार निभाने के बाद लोग अरुण गोविल को बेहद सम्मान की नजर से देखने लगे थे। एक फिल्म की शूटिंग के दौरान एक फैन ने उन्हें सिगरेट पीते हुए देख लिया था और इस पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद अरुण गोविल ने स्मोकिंग छोड़ दी थी।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि इससे सीख मिलती है कि अगर कोई व्यक्ति पहले गलतियां करता रहा है, तो किसी आदर्श किरदार को निभाने के बाद उसे अपने व्यवहार में बदलाव लाना चाहिए।

दिवाली पर रिलीज होगी ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है।

अब धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी के बाद रणबीर कपूर का राम का किरदार एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *