KNEWS DESK – ओटीटी की दुनिया की सबसे पॉपुलर क्राइम-ड्रामा सीरीज मिर्जापुर एक बार फिर सुर्खियों में है। इसके तीनों सीजन को दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिला है और अब फैंस इसके चौथे सीजन का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन उससे पहले मेकर्स ने एक बड़ा सरप्राइज देते हुए ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ऐलान किया है, जिसे लेकर दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
थिएटर में दिखेगा कालीन भैया और गुड्डू का भौकाल
इस फिल्म में एक बार फिर पहले सीजन के कई पॉपुलर किरदारों की वापसी होने जा रही है। यानी कालीन भैया, मुन्ना भैया और गुड्डू पंडित का वही पुराना “भौकाल” अब बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगा। 25 जून को रिलीज हुए टीजर ने फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट को और भी बढ़ा दिया है।
यूट्यूब पर नंबर-1 ट्रेंड कर रहा टीजर
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का टीजर यूट्यूब पर नंबर-1 ट्रेंड कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक टीजर को कुछ ही दिनों में 3 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और यह आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। इससे साफ है कि फैंस इस फिल्म को लेकर कितने उत्साहित हैं।
टीजर को लेकर मेकर्स ने सोशल मीडिया पर भी जानकारी साझा की है। एक्सेल एंटरटेनमेंट ने पोस्ट करते हुए लिखा, “मिर्जापुर: द मूवी का टीजर यूट्यूब पर नंबर-1 पर ट्रेंड कर रहा है, ये भी ठीक है।” यह लाइन दरअसल सीरीज के किरदार रॉबिन का फेमस डायलॉग है, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
4 सितंबर को होगी थिएटर्स में रिलीज
‘मिर्जापुर: द मूवी’ को 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। इस बार कहानी और भी बड़े स्केल पर दिखाई जाएगी, जिससे फिल्म को लेकर उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
फिल्म में इस बार कास्टिंग में भी बदलाव देखने को मिला है। पहले सीरीज में बबलू पंडित का किरदार विक्रांत मैसी ने निभाया था, लेकिन फिल्म में यह रोल जितेंद्र कुमार निभाते नजर आएंगे, जो ‘पंचायत’ में सचिव जी के किरदार से मशहूर हैं। इसके अलावा फिल्म में रवि किशन और सोनल चौहान भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।