Knews Desk- राजकुमार हिरानी की पहली ओटीटी सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ रिलीज के बाद से ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। साइबर क्राइम, कॉमेडी और थ्रिलर के अनोखे मिश्रण वाली यह सीरीज अपनी दिलचस्प कहानी, शानदार कलाकारों और मनोरंजक अंदाज के कारण ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लगातार सुर्खियां बटोर रही है। दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों ने भी इसके कंटेंट और कलाकारों की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की है।

इस सीरीज की सबसे खास बातों में से एक है डेब्यूटेंट अभिनेता वीर हिरानी और दिग्गज कलाकार अरशद वारसी के बीच नजर आने वाली शानदार केमिस्ट्री। शो में वीर हिरानी ने प्रीतम का किरदार निभाया है, जबकि अरशद वारसी पुलिस अधिकारी पेड्रो की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं। दोनों के बीच की दोस्ती, मजेदार बातचीत और कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। खास बात यह है कि वीर और अरशद की बॉन्डिंग केवल स्क्रीन तक सीमित नहीं है। दोनों कलाकार ऑफ-स्क्रीन भी एक-दूसरे के साथ मजाक करते और अपनी दोस्ताना नोकझोंक को लेकर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में वीर हिरानी ने सोशल मीडिया पर अरशद वारसी के लिए एक मजेदार पोस्ट शेयर किया, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
वीर ने कैसेट्स से भरी एक दीवार के सामने खड़े होकर अपनी तस्वीर साझा की। इस तस्वीर के साथ उन्होंने अपने अंदाज में अरशद वारसी यानी ‘पेड्रो सर’ को संबोधित करते हुए लिखा, “Pedro Sir… Lagta hai Dadi ka cassette mil gaya 😄”। इस मजेदार पोस्ट के जरिए वीर ने सीरीज में दिखाए गए एक खास संदर्भ को लेकर अरशद के साथ हल्की-फुल्की मस्ती की। वीर का यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। फैंस को दोनों कलाकारों की यह दोस्ती और आपसी तालमेल काफी पसंद आ रहा है। कई दर्शकों ने कमेंट कर दोनों की ऑन-स्क्रीन जोड़ी की तारीफ की और कहा कि प्रीतम और पेड्रो के बीच की बॉन्डिंग सीरीज की सबसे बड़ी खूबियों में से एक है।
वीर हिरानी और अरशद वारसी की जोड़ी इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि दोनों कलाकार इससे पहले भी एक साथ काम कर चुके हैं। सालों पहले आई लोकप्रिय फिल्म ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’ में वीर हिरानी ने सर्किट के बेटे ‘शॉर्ट सर्किट’ का किरदार निभाया था। अब एक बार फिर दोनों कलाकार साथ नजर आ रहे हैं और उनकी नई जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में वीर हिरानी का किरदार एक टेक-सेवी युवा का है, जबकि अरशद वारसी एक समझदार और हाजिरजवाब पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। दोनों के किरदारों के बीच का तालमेल, हास्य और रोमांच कहानी को और अधिक दिलचस्प बनाता है।
इस सीरीज में विक्रांत मैसी, बोमन ईरानी और मोना सिंह जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। सीरीज का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है, जबकि इसे राजकुमार हिरानी ने क्रिएट और प्रोड्यूस किया है। यह राजकुमार हिरानी की ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पहली प्रस्तुति है। साइबर क्राइम की पृष्ठभूमि पर बनी ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में रहस्य, हास्य और भावनाओं का संतुलित मिश्रण देखने को मिलता है। फिलहाल यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है और दर्शकों से इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।