शाहरुख खान की मच-अवेटेड फिल्म ‘किंग’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीना कपूर खान फिल्म में स्पेशल अपीयरेंस देती नजर आएंगी और शाहरुख के साथ ‘डैडी कूल’ नाम के एक खास गाने में दिखाई देंगी। दोनों सितारे करीब 15 साल बाद पर्दे पर साथ नजर आ सकते हैं।
Knews Desk – 2023 में ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ जैसी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद शाहरुख खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। फैन्स उनकी अगली फिल्म ‘किंग’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही यह फिल्म इसी साल दिसंबर में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म से शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान अपना थिएट्रिकल डेब्यू करने जा रही हैं। अब इस फिल्म में एक और बड़ा नाम जुड़ने की खबर सामने आई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉलीवुड की बेबो यानी करीना कपूर खान की ‘किंग’ में सरप्राइज एंट्री हुई है। शाहरुख खान और करीना कपूर की जोड़ी को बड़े पर्दे पर एक साथ देखे हुए काफी समय बीत चुका है। दोनों आखिरी बार साल 2011 में रिलीज हुई फिल्म ‘रा.वन’ में साथ नजर आए थे। इस फिल्म में करीना कपूर के ‘छम्मक छल्लो’ गाने ने खूब लोकप्रियता हासिल की थी।
इससे पहले शाहरुख खान और करीना कपूर ‘अशोका’ और ‘कभी खुशी कभी गम’ जैसी फिल्मों में भी साथ काम कर चुके हैं। ऐसे में ‘किंग’ में दोनों की दोबारा साथ आने की खबर ने फैन्स की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है।
कैसे रोल में दिखेंगी करीना, कब होगा शूट?
पिंकविला की एक रिपोर्ट के मुताबिक, करीना कपूर खान ‘किंग’ में स्पेशल अपीयरेंस के तौर पर नजर आएंगी। बताया जा रहा है कि वह शाहरुख खान के साथ ‘डैडी कूल’ नाम के एक खास गाने में दिखाई देंगी। रिपोर्ट में इस गाने को फिल्म के हाइलाइट्स में से एक बताया गया है।
खबरों के मुताबिक, करीना कपूर इस महीने के आखिर में साउथ अफ्रीका में शाहरुख खान के साथ इस गाने की शूटिंग कर सकती हैं। इसके लिए एक्ट्रेस ने करीब पांच दिन का समय दिया है। गाने को बड़े स्तर पर शूट करने की तैयारी की जा रही है।
क्या है फिल्म में ‘डैडी कूल’?
‘किंग’ में ‘डैडी कूल’ गाने को खास अंदाज में तैयार किया जा रहा है। इसमें शाहरुख खान और करीना कपूर की जोड़ी को एक नए अंदाज में पेश किए जाने की चर्चा है। मेकर्स इस गाने को फिल्म का यादगार हिस्सा बनाने की तैयारी में हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस गाने में एक इंडियन और एक इंटरनेशनल आर्टिस्ट भी साथ नजर आएंगे। हालांकि, मेकर्स ने अभी इंटरनेशनल आर्टिस्ट और सिंगर के नाम को सीक्रेट रखा है। ‘डैडी कूल’ को सचिन-जिगर ने कंपोज किया है।
शाहरुख के बर्थडे पर मिल सकता है बड़ा सरप्राइज
‘किंग’ को लेकर मेकर्स एक और बड़ा सरप्राइज प्लान कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख खान के जन्मदिन यानी 2 नवंबर के आसपास फिल्म से जुड़ा कोई नया एसेट जारी किया जा सकता है। हालांकि, इस बारे में अभी मेकर्स की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
फिल्म में शाहरुख खान और सुहाना खान पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे। वहीं, अगर करीना कपूर की एंट्री की खबर सही साबित होती है, तो ‘किंग’ में उनकी और शाहरुख की जोड़ी को दोबारा देखना फैन्स के लिए खास अनुभव होगा।