KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन के फैंस उनकी अगली फिल्मों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच उनकी सबसे सफल फ्रेंचाइजी ‘भूल भुलैया’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स ने ‘भूल भुलैया 4’ की तैयारी शुरू कर दी है और फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट और स्क्रीनप्ले पर काम चल रहा है.
‘रूह बाबा’ बनकर फिर लौटेंगे कार्तिक आर्यन
रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्तिक आर्यन एक बार फिर अपने लोकप्रिय किरदार ‘रूह बाबा’ में नजर आ सकते हैं. ‘भूल भुलैया 3’ की सफलता के बाद मेकर्स इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तैयारी में जुट गए हैं. बताया जा रहा है कि फिल्म को एक बार फिर निर्माता भूषण कुमार सपोर्ट करेंगे.
पहले स्क्रिप्ट, फिर होगा डायरेक्टर का फैसला
खबरों की मानें तो फिलहाल मेकर्स की पहली प्राथमिकता दमदार स्क्रीनप्ले तैयार करना है. स्क्रिप्ट पूरी होने के बाद ही निर्देशक के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा. हालांकि, चर्चाएं हैं कि पिछली दो फिल्मों की तरह अनीस बज्मी ही चौथे पार्ट का निर्देशन कर सकते हैं, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो ‘भूल भुलैया 4’ की शूटिंग 2027 के दूसरे हाफ में शुरू हो सकती है. फिलहाल फिल्म प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है और कास्टिंग को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
फ्रेंचाइजी का शानदार रिकॉर्ड
‘भूल भुलैया’ का पहला भाग 2007 में रिलीज हुआ था, जिसमें अक्षय कुमार और विद्या बालन मुख्य भूमिका में थे. इसके बाद 2022 में आई ‘भूल भुलैया 2’ से कार्तिक आर्यन ने फ्रेंचाइजी में एंट्री की, जबकि 2024 में रिलीज हुई ‘भूल भुलैया 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया. अब दर्शकों की नजरें चौथे पार्ट पर टिकी हैं.
फिलहाल ‘भूल भुलैया 4’ को लेकर सामने आई सभी जानकारियां मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं. मेकर्स ने अभी तक फिल्म की कास्ट, निर्देशक या रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. ऐसे में फैंस को अगले अपडेट का इंतजार करना होगा कि ‘रूह बाबा’ बड़े पर्दे पर कब वापसी करेंगे.