मशहूर एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा का निधन, ‘हीरो’, ‘कर्ज’ और ‘लंबी जुदाई’ जैसी फिल्मों में किया था यादगार अभिनय

KNEWS DESK- 70-80 के दशक की प्रसिद्ध अभिनेत्री मधु मल्होत्रा का निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने 72 साल की उम्र में मुंबई में 13 मार्च को अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है और कई सितारों और फैंस ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

मधु मल्होत्रा ने अपने करियर में 1970 और 80 के दशक में हिंदी सिनेमा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया और अपने किरदारों से दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई। उन्हें विशेष पहचान फिल्म ‘हीरो’ के मशहूर गाने ‘लंबी जुदाई’ से मिली, जो आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में बसा हुआ है।

उनकी अन्य लोकप्रिय फिल्मों में ‘सत्ते पे सत्ता’, ‘कर्ज’, ‘रिश्ता कागज का’, ‘विश्वनाथ’ और ‘कयामत’ जैसी हिट फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा और उन्होंने अपने काम से फिल्म इंडस्ट्री में एक यादगार पहचान बनाई।

मधु मल्होत्रा के निधन के बाद फिल्म जगत और उनके फैंस में गहरा शोक है। उनके अभिनय और फिल्मों के जरिए उन्होंने जो जगह बनाई, वह हमेशा याद रखी जाएगी और उनके किरदार लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे।