एल्विश यादव से 10 करोड़ की रंगदारी की मांग, पिता को भी मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

Knews Desk– सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला गंभीर आपराधिक धमकी और रंगदारी से जुड़ा है। आरोप है कि उनसे 10 करोड़ रुपये की मांग की गई है और उनके पिता को भी जान से मारने की धमकी दी गई है।

5 मई 2026 को एल्विश यादव के व्हाट्सएप नंबर पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आई थी, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके कुछ समय बाद उसी नंबर से एक मैसेज भेजा गया, जिसमें खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी बताया गया। मैसेज में 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई और दो दिन के अंदर पैसे न देने पर एल्विश और उनके पिता को जान से मारने की धमकी दी गई।

इस घटना के बाद एल्विश यादव ने तुरंत गुरुग्राम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-56 थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(2) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला नंबर कहां से ऑपरेट किया जा रहा है और क्या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है।

गौरतलब है कि एल्विश यादव पहले भी विवादों में रह चुके हैं। अगस्त 2025 में उनके घर पर बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग की थी, जिसमें करीब 10–12 राउंड गोलियां चलाई गई थीं। इस मामले में भी सेक्टर-56 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था।

लगातार मिल रही धमकियों और हमलों के मामलों ने सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस मामले में वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता है या यह किसी और नेटवर्क की साजिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *