विवादों में दिलजीत दोसांझ का ‘Aroma’ गाना, LGBTQ समुदाय ने जताई नाराजगी

KNEWS DESK – पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर चर्चा में हैं। जहां एक ओर उनकी आगामी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ रिलीज से पहले सुर्खियां बटोर रही है, वहीं दूसरी ओर उनका हाल ही में रिलीज हुआ गाना ‘Aroma’ विवादों में घिर गया है। सोशल मीडिया पर इस गाने के कुछ बोलों को लेकर LGBTQ समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई है और सिंगर की आलोचना शुरू कर दी है।

दिलजीत दोसांझ का गाना ‘Aroma’ अप्रैल में रिलीज हुआ था। रिलीज के बाद इस गाने को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और यह सोशल मीडिया पर भी काफी ट्रेंड करता रहा। हालांकि अब गाने के कुछ लिरिक्स को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

आलोचकों का आरोप है कि गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्द ट्रांसजेंडर समुदाय की भावनाओं को आहत कर सकते हैं। इसी वजह से LGBTQ समुदाय के कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। कुछ यूजर्स का कहना है कि लोकप्रिय कलाकारों को अपने शब्दों के चयन में अधिक संवेदनशीलता बरतनी चाहिए, क्योंकि उनके गाने लाखों लोग सुनते हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और अन्य मंचों पर कई लोगों ने दिलजीत दोसांझ के खिलाफ पोस्ट साझा किए हैं। कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि गाने में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है जो समुदाय विशेष के प्रति नकारात्मक संदेश दे सकते हैं। इसके साथ ही कुछ लोगों ने गाने के अन्य कंटेंट पर भी सवाल उठाए हैं।

https://www.instagram.com/reels/DZCPjvuCRO9/

हालांकि, इस पूरे विवाद को लेकर अब तक दिलजीत दोसांझ की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। न ही उनकी टीम ने इस मुद्दे पर कोई स्पष्टीकरण जारी किया है। ऐसे में सोशल मीडिया पर बहस लगातार जारी है।

दिलजीत दोसांझ इससे पहले भी कई मुद्दों को लेकर चर्चा और विवादों का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा। देश ही नहीं, विदेशों में भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है और उनके गाने अक्सर म्यूजिक चार्ट्स में जगह बनाते हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो दिलजीत जल्द ही निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ वेदांग रैना और शरवरी वाघ भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है और इसकी रिलीज का इंतजार किया जा रहा है।

फिलहाल ‘Aroma’ गाने को लेकर छिड़ी बहस सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। अब सभी की नजर दिलजीत दोसांझ की प्रतिक्रिया पर टिकी है कि वह इस विवाद पर क्या सफाई देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *