1000 करोड़ क्लब में ‘धुरंधर 2’ की धमाकेदार एंट्री, ‘बाहुबली 2’ से बस कुछ कदम दूर

KNEWS DESK – हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों धुरंधर 2 का जलवा लगातार बरकरार है। रिलीज के 18 दिन बाद भी फिल्म की कमाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। जहां आमतौर पर तीसरे हफ्ते तक फिल्मों का क्रेज कम होने लगता है, वहीं इस फिल्म ने उल्टा नया इतिहास रच दिया है।

रणवीर सिंह स्टारर इस स्पाई-थ्रिलर ने 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर हिंदी सिनेमा में नया रिकॉर्ड बना दिया है। यह पहली हिंदी फिल्म बन गई है, जिसने इस प्रतिष्ठित क्लब में एंट्री ली है। दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स और फिल्म की मजबूत कहानी ने इसे ब्लॉकबस्टर बना दिया है।

डायरेक्टर आदित्य धर की इस फिल्म ने न सिर्फ कमाई के मामले में इतिहास रचा है, बल्कि तीसरे रविवार को भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए। 18वें दिन फिल्म ने करीब 28.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

इस कमाई के साथ धुरंधर 2 ने बाहुबली 2 के 18वें दिन के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। जहां एस.एस. राजामौली की फिल्म ने उस दिन लगभग 14 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं धुरंधर 2 ने दोगुनी से भी ज्यादा कमाई कर नया बेंचमार्क सेट कर दिया।

हालांकि, लाइफटाइम कलेक्शन के मामले में अभी भी बाहुबली 2 थोड़ा आगे है। फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 1030 करोड़ रुपये है, जबकि धुरंधर 2 अब तक लगभग 1013 करोड़ रुपये कमा चुकी है। ऐसे में महज 17 करोड़ रुपये की दूरी बची है, जिसे फिल्म बहुत जल्द पार कर सकती है।

दिलचस्प बात यह भी है कि तीसरे वीकेंड में थोड़ी गिरावट के बाद फिल्म ने रविवार को जबरदस्त वापसी की। शुक्रवार और शनिवार के मुकाबले रविवार को ज्यादा कलेक्शन कर फिल्म ने साबित कर दिया कि इसकी पकड़ अभी भी मजबूत है।

फिल्म की स्टारकास्ट भी इसकी सफलता का बड़ा कारण मानी जा रही है। संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकारों ने अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *