कृति के रक्षाबंधन ऐड पर विवाद, कंपनी ने सभी प्लेटफॉर्म से हटाया विज्ञापन

Knews Desk – बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपने एक रक्षाबंधन स्पेशल ऐड को लेकर सुर्खियों में हैं। ज्वेलरी ब्रांड GIVA के इस विज्ञापन में कृति ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज और केप पहने नजर आई थीं। विज्ञापन सामने आने के बाद उनकी ड्रेस के साथ-साथ कुत्ते को राखी बांधने के सीन को लेकर भी सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया।

कुछ यूजर्स ने विज्ञापन पर सवाल उठाते हुए कहा कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के लिए कृति का पहनावा सही नहीं है। इसके अलावा, कुत्ते को राखी बांधने के सीन को लेकर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। विवाद बढ़ने के बाद अब GIVA ने अपना विज्ञापन सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा लिया है।

ब्रांड ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर बयान जारी करते हुए कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का पूरा सम्मान करता है। कंपनी ने कहा कि उसका उद्देश्य रक्षाबंधन की खुशी को परिवार के साथ-साथ पालतू जानवरों तक भी पहुंचाना था।

GIVA ने अपने बयान में कहा कि अगर हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के किसी हिस्से की भावनाएं आहत हुई हैं तो उसका ऐसा कोई इरादा नहीं था। लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए ब्रांड ने विज्ञापन को सभी प्लेटफॉर्म्स से वापस लेने का फैसला किया है।

https://www.instagram.com/p/DcfQWS-PSJo/

ट्रोलिंग के बाद कृति सेनन ने दिया था जवाब

विज्ञापन को लेकर हुई ट्रोलिंग के बाद कृति सेनन ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए आलोचकों को जवाब दिया था। उन्होंने सवाल उठाया था कि महिलाओं को यह बताना कब बंद किया जाएगा कि उन्हें क्या पहनना चाहिए।

कृति ने कहा था कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं इंसान के दिल में होती हैं, कपड़ों की नेकलाइन में नहीं। उन्होंने कुत्ते को राखी बांधने वाले सीन का भी बचाव किया था।

एक्ट्रेस के मुताबिक रक्षाबंधन सुरक्षा के वादे और प्रार्थना का त्योहार है और उनके लिए यह सुरक्षा का वादा उनके पालतू कुत्तों तक भी जाता है, क्योंकि वे भी परिवार का हिस्सा हैं।

कंगना रनौत ने भी उठाए थे सवाल

इस विवाद में बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए विज्ञापन पर तंज कसा था। कंगना ने इसे ‘जानबूझकर अजीब’ बताया और कहा था कि भारतीय त्योहारों की गरिमा और सादगी को आधुनिकता के नाम पर खराब नहीं किया जाना चाहिए।

फिलहाल, विवाद बढ़ने के बाद GIVA ने विज्ञापन वापस ले लिया है। वहीं, कृति सेनन की प्रतिक्रिया के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *