Awarapan 2: इमरान हाशमी की फिल्म पर पेड PR का आरोप, अमाल मलिक बोले- ‘कुछ लोग नहीं चाहते कि ये हिट हो’

KNEWS DESK – इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। फिल्म के गाने को लेकर म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने दावा किया है कि फिल्म और इसके साउंडट्रैक के खिलाफ पेड PR कैंपेन चलाया जा रहा है।

इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘आवारापन 2’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म को लेकर फैंस में उत्साह है, लेकिन इसी बीच म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक के एक बयान ने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है।

दरअसल, फिल्म का नया गाना ‘आवारापन 2’ 21 जुलाई को रिलीज किया गया। इस गाने को मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका म्यूजिक अमाल मलिक ने तैयार किया है। गाना रिलीज होने के एक दिन बाद ही अमाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर पेड PR का आरोप लगाया।

‘फिल्म और म्यूजिक को सफल नहीं होने देना चाहते कुछ लोग’

अमाल मलिक ने दावा किया कि फिल्म इंडस्ट्री के कुछ विरोधी तत्व फिल्म और उसके म्यूजिक एल्बम के खिलाफ पेड PR चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग नहीं चाहते कि ‘आवारापन 2’ और इसका साउंडट्रैक अच्छा प्रदर्शन करे।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि जो लोग फिल्म और गानों को नुकसान पहुंचाने के लिए पैसे खर्च कर रहे हैं, उन्हें अपने भविष्य के प्रोजेक्ट्स के लिए पैसे बचाकर रखने चाहिए।

‘पेड PR से नहीं डरते’ बोले अमाल

अमाल मलिक ने आगे कहा कि पेड PR से वही लोग डरते हैं जिन्हें दर्शकों का प्यार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा लोगों का समर्थन मिला है और वह सिर्फ नंबरों की दौड़ में विश्वास नहीं रखते।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि म्यूजिक और कलाकारों की मेहनत की कद्र करनी चाहिए। हालांकि, अमाल ने अपने पोस्ट में किसी व्यक्ति या संस्था का नाम नहीं लिया है।

बता दें कि ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर अपने इंटेंस अंदाज में नजर आएंगे। अब अमाल मलिक के इस बयान के बाद फिल्म और इसके म्यूजिक को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *