KNEWS DESK – साल 2025 में आई कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन सबसे ज्यादा चौंकाने वाली फिल्म रही Mahavatar Narasimha। कम बजट में बनी इस 3D एनिमेटेड फिल्म ने न सिर्फ भारत बल्कि विदेशों में भी जबरदस्त कमाई की और 100 दिनों तक थिएटर में टिककर अपनी सफलता साबित की।
अब इस ब्लॉकबस्टर के बाद मेकर्स ने इसके अगले पार्ट का ऐलान कर दिया है। महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली फिल्म Mahavatar Parashuram होगी, जिसका पहला लुक भी जारी कर दिया गया है।
सामने आया इंटेंस फर्स्ट लुक
Hombale Films और Kleem Productions के बैनर तले बन रही इस फिल्म के पोस्टर में भगवान परशुराम का चेहरा तो नहीं दिखाया गया है, लेकिन उनका रौद्र रूप जरूर नजर आता है। पोस्टर में वे हाथ में कुल्हाड़ी लिए दिखाई दे रहे हैं, जो खून से सनी हुई है। इस इंटेंस लुक ने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है।
फैंस का जबरदस्त रिएक्शन
पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर रिएक्शन्स की बाढ़ आ गई। किसी ने लिखा, “इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है,” तो किसी ने इसे “1000 करोड़ की फिल्म” तक बता दिया। साफ है कि पहले पार्ट की सफलता के बाद दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ चुकी हैं।
इस यूनिवर्स को डायरेक्टर Ashwin Kumar आगे बढ़ा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Mahavatar Parashuram को दिसंबर 2027 में रिलीज करने की तैयारी है। यानी फैंस को अभी करीब डेढ़ साल का इंतजार करना होगा।
12 साल में 7 फिल्मों की प्लानिंग
महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स के तहत अगले 12 सालों में कुल 7 फिल्में रिलीज की जाएंगी, जिनमें भगवान विष्णु के अलग-अलग अवतारों की कहानी दिखाई जाएगी। इस फ्रेंचाइज़ी की शुरुआत 2025 में हुई है और इसका समापन 2037 में कल्कि अवतार पर आधारित फिल्म के साथ होगा।