KNEWS DESK – नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की रिकॉर्डतोड़ सफलता के बीच इसके लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने अपने अगले प्रोजेक्ट की घोषणा कर दी है। गणेश चतुर्थी के खास मौके पर विशाल चतुर्वेदी और महावीर जैन फिल्म्स ने अपनी अगली फिल्म ‘रामबोला’ का ऐलान किया। यह फिल्म महान कवि और संत गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर आधारित होगी।
फिल्म ‘रामबोला’ को महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह मिलकर प्रोड्यूस करेंगे। ‘हनुमान अंश’ की तरह इस फिल्म की कहानी लिखने और निर्देशन की जिम्मेदारी भी विशाल चतुर्वेदी ही संभालेंगे।
फिल्म की घोषणा करते हुए मेकर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, “इस खास दिन पर, बाप्पा के आशीर्वाद के साथ बेहद विनम्रता और कृतज्ञता से हम गोस्वामी तुलसीदास की अमर कहानी ‘रामबोला’ का ऐलान करते हैं।”
‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर जारी है शानदार कमाई
विशाल चतुर्वेदी की फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने हिंदी सिनेमा में अपनी खास पहचान बनाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महज 10 लाख रुपये की शुरुआती कमाई से सफर शुरू करने वाली इस फिल्म ने छठे रविवार को 22.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
https://www.instagram.com/p/DdQnohyBxtD/
फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 268 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। इसकी कमाई की रफ्तार अभी भी बनी हुई है और आने वाले दिनों में इसके आंकड़ों में और इजाफा होने की उम्मीद है।
कौन थे गोस्वामी तुलसीदास?
गोस्वामी तुलसीदास 16वीं सदी के महान कवि और संत थे। उन्हें सबसे ज्यादा उनकी प्रसिद्ध रचना ‘रामचरितमानस’ के लिए जाना जाता है। अवधी भाषा में लिखी गई ‘रामचरितमानस’ भगवान राम की कथा का लोकप्रिय रूप है, जिसने राम की भक्ति और आदर्शों को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गोस्वामी तुलसीदास का जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा और भगवान राम के प्रति उनकी गहरी आस्था भारतीय साहित्य और संस्कृति का अहम हिस्सा रहे हैं। अब उनकी इसी प्रेरणादायक यात्रा को फिल्म ‘रामबोला’ के जरिए बड़े पर्दे पर दिखाने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल फिल्म ‘रामबोला’ प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है। इसकी स्टारकास्ट, शूटिंग शुरू होने की तारीख और रिलीज डेट को लेकर अभी मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।