बॉक्स ऑफिस पर शरवरी वाघ की बड़ी परीक्षा, क्या ‘मैं वापस आऊंगा’ बना पाएगी नया रिकॉर्ड?

KNEWS DESK – सिनेमाघरों में इस सप्ताह कई नई फिल्मों ने दस्तक दी है, लेकिन दर्शकों और ट्रेड एक्सपर्ट्स की नजरें सबसे ज्यादा शरवरी वाघ और वेदांग रैना की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ पर टिकी हुई हैं। फिल्म रिलीज से पहले ही चर्चा में है और इसके प्रदर्शन को लेकर कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि फिल्म का निर्माण लगभग 70 करोड़ रुपये के बजट में किया गया है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म पहले दिन 2.5 से 4.5 करोड़ रुपये के बीच की कमाई कर सकती है। हालांकि इतने बड़े बजट को देखते हुए यह आंकड़ा बहुत प्रभावशाली नहीं माना जाएगा, लेकिन फिल्म के लिए सकारात्मक प्रतिक्रिया और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ गेम चेंजर साबित हो सकते हैं।

फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक प्रेम कथा है। इसमें एक ऐसे बुजुर्ग की कहानी दिखाई गई है, जो बंटवारे के दौरान अपने प्यार से बिछड़ जाता है और जीवनभर उससे मिलने की उम्मीद नहीं छोड़ता। उम्र के आखिरी पड़ाव में उसका पोता उसकी अधूरी प्रेम कहानी को पूरा करने की कोशिश करता है। फिल्म में प्रेम, बिछड़न और विभाजन के दर्द को भावनात्मक अंदाज में पेश किया गया है।

स्टारकास्ट की बात करें तो फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना, शरवरी वाघ, रजत कपूर और सयानी गुप्ता जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच अच्छा उत्साह भी देखने को मिल रहा है।

शरवरी वाघ के करियर की बात करें तो उनकी सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म अब तक ‘वेदा’ रही है, जिसने पहले दिन 6.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं ‘मुंज्या’ ने 4.21 करोड़ और ‘बंटी और बबली 2’ ने 2.6 करोड़ रुपये की ओपनिंग हासिल की थी।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ‘मैं वापस आऊंगा’ शरवरी वाघ के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म बन पाएगी या नहीं। इसका जवाब आने वाले बॉक्स ऑफिस आंकड़े ही देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *