मनोज कुमार की प्रार्थना सभा में उमड़ा सितारों का सैलाब, सहारा लेकर चलती दिखीं पत्नी शशि गोस्वामी

KNEWS DESK –  4 अप्रैल 2025 को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का 87 वर्ष की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। मनोज कुमार के निधन से फिल्म इंडस्ट्री समेत पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। ‘भारत कुमार’ के नाम से मशहूर मनोज कुमार ने देशभक्ति पर आधारित फिल्मों के ज़रिए भारतीय सिनेमा को एक नई दिशा दी थी।

5 अप्रैल को उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया, जिसमें फिल्म जगत से लेकर राजनीतिक हस्तियों तक, सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। अमिताभ बच्चन, सलीम खान और प्रेम चोपड़ा जैसे कई दिग्गजों को श्मशान घाट पर अंतिम दर्शन करते हुए देखा गया।

अब, 6 अप्रैल को मुंबई में मनोज कुमार की प्रार्थना सभा आयोजित की गई है, जिसमें सितारों का सैलाब उमड़ पड़ा है। भावुक माहौल में हर कोई ‘भारत कुमार’ को अंतिम विदाई देने आया।

पत्नी शशि गोस्वामी की आंखों में छलकता दर्द

प्रार्थना सभा में मनोज कुमार की पत्नी शशि गोस्वामी सफेद कपड़ों में बेहद गमगीन नजर आईं। बीते दिन अंतिम संस्कार के दौरान वो बेसुध होकर रोती दिखाई दी थीं। आज भी प्रार्थना सभा में परिवार के सदस्यों ने उन्हें संभालते हुए देखा गया। उनका दुख हर किसी की आंखों को नम कर गया।

फिल्मी सितारों की भावुक मौजूदगी

मनोज कुमार की प्रार्थना सभा में कई बड़े सितारे पहुंचे। विन्दु दारा सिंह सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर शोक व्यक्त करने आए। फरहान अख्तर भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटी ईशा देओल ने भी परिवार को सांत्वना दी।

बॉलीवुड के प्रसिद्ध विलेन मुकेश ऋषि, एक्टर नील नितिन मुकेश अपनी पत्नी रुक्मिणी के साथ, अरुणा ईरानी अपने पति कुकू कोहली के साथ, और फिल्ममेकर रमेश सिप्पी एवं डेविड धवन अपनी पत्नी के साथ प्रार्थना सभा में शामिल हुए।

 

 

मनोज कुमार: एक युग का अंत

मनोज कुमार का जाना भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने न सिर्फ मनोरंजन किया, बल्कि देशभक्ति और सामाजिक मूल्यों को परदे पर जीवंत किया। उनकी विदाई ने हर किसी को भावुक कर दिया है। आज जब पूरा बॉलीवुड उनके योगदान को याद कर रहा है, तब साफ नजर आता है कि मनोज कुमार का नाम और काम सदा अमर रहेगा।

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published.