KNEWS DESK- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र आज सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) अपना साझा घोषणापत्र जारी करने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में यह कार्यक्रम पटना के प्रसिद्ध होटल मौर्या में सुबह 9:30 बजे आयोजित किया जाएगा।
घोषणापत्र जारी करने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान, हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) के नेता जीतन राम मांझी और रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा भी उपस्थित रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, NDA के इस ‘संकल्प पत्र’ में रोजगार सृजन, उद्योग-धंधों के विस्तार और युवाओं व महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष फोकस रहेगा। यह उम्मीद की जा रही है कि घोषणापत्र में राज्य में निवेश बढ़ाने, शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए बड़े ऐलान किए जा सकते हैं।
इससे पहले विपक्षी महागठबंधन (RJD, कांग्रेस, CPI, CPI(ML), CPI(M) और VIP) ने ‘बिहार का तेजस्वी प्राण’ नाम से अपना संयुक्त घोषणा पत्र मंगलवार को जारी किया था।
महागठबंधन ने सरकार बनने के 20 दिन के भीतर हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है। इसके अलावा, उन्होंने सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, किसानों के हितों और रोजगार को अपनी प्राथमिकताओं में रखा है।
बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में होंगे।
पहला चरण: 6 नवंबर — 121 सीटों पर मतदान
दूसरा चरण: 11 नवंबर — शेष 122 सीटों पर मतदान
मतगणना: 14 नवंबर को होगी, जब यह तय होगा कि बिहार की सत्ता पर कौन काबिज होगा।