धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने को कहा, बोले- पूरे परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं ले सकता
Knews Desk- छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को लेकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने खास अपील की है। उन्होंने महिलाओं से कहा है कि वे अकेले बागेश्वर धाम न आएं। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं को किसी भी अनजान व्यक्ति या सेवादार पर भरोसा नहीं करने और अपनी सुरक्षा को लेकर खुद सतर्क रहने की सलाह दी है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि बागेश्वर धाम आने वाले लोग ज्यादा दिनों तक यहां न ठहरें। उन्होंने बताया कि वह मंदिर और हॉल में सुरक्षा की जिम्मेदारी ले सकते हैं, लेकिन पूरे मंदिर परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं ले सकते। उनके मुताबिक मंदिर परिसर करीब 5 एकड़ में फैला हुआ है। उन्होंने श्रद्धालुओं, खासकर माताओं और बहनों से अपनी सुरक्षा के प्रति समझदार और सावधान रहने की अपील की। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि धाम में ऐसी कोई विशेष व्यवस्था नहीं है, इसलिए श्रद्धालुओं को अपनी सुरक्षा का खुद ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने सेवादारों को लेकर भी लोगों को सावधान किया। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति या सेवादार पर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आए दिन हिंदू धामों को कलंकित किया जा रहा है और वृंदावन की घटना के बाद उनका मन विचलित था, इसलिए वह श्रद्धालुओं से यह बात कह रहे हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि मौजूदा समय में सनातन धर्म पर हमले और कुठाराघात हो रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे धाम में खुद सजग और सावधान रहें तथा किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।