KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath सिंगापुर दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन सोमवार को उन्होंने कई वैश्विक निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं, जिसमें राज्य में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी पर विस्तार से चर्चा हुई।
सीएम ने सिंगापुर की प्रमुख निवेश कंपनी Temasek Holdings के चेयरमैन Teo Chee Hean और उनकी टीम से मुलाकात की। बैठक में टेमासेक के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो और उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई।
सीएम ने निवेशकों को प्रदेश में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास और अन्य क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इसके अलावा, टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी Manipal Hospitals द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश और Ascendas द्वारा राज्य में लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास के लिए करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश की जानकारी साझा की गई। यह निवेश प्रदेश में स्वास्थ्य और औद्योगिक अवसंरचना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में दोनों पक्षों ने डेटा सेंटर, कौशल विकास और अन्य उभरते क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर सहमति व्यक्त की। यह साझेदारी यूपी की भविष्य उन्मुख अवसंरचना के निर्माण और रोजगार सृजन के लक्ष्य से मेल खाती है।
सीएम ने निवेशकों को प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी, विकसित एक्सप्रेसवे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स हब के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भारत की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और राज्य सरकार उद्योगों को पारदर्शी, त्वरित और निवेशक-अनुकूल वातावरण प्रदान कर रही है।
योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार निवेशकों के साथ दीर्घकालिक और भरोसेमंद साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है। उनका लक्ष्य बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और तकनीकी क्षमता के विकास को बढ़ावा देना है।
गौरतलब है कि इसी निवेश प्रोत्साहन मुहिम के तहत डिप्टी सीएम Keshav Prasad Maurya इस समय यूरोप के दौरे पर हैं, जहां वे राज्य में निवेश के और अवसर तलाश रहे हैं।