सुबह के नाश्ते में कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन है, तो गरमागरम गोभी के पकोड़े एक बेहतरीन विकल्प हैं। बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम ये पकोड़े बारिश और सर्द हवाओं के बीच अदरक वाली चाय का स्वाद दोगुना कर देंगे।
KNEWS DESK- मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही चटपटा और गर्मागर्म खाने की इच्छा भी बढ़ जाती है। खासकर सुबह के समय अगर हल्की बारिश हो रही हो या ठंडी हवाएं चल रही हों, तो चाय के साथ कुछ कुरकुरा मिल जाए तो दिन बन जाता है। ऐसे में फूलगोभी से तैयार होने वाले पकोड़े घर पर आसानी से बनाए जा सकते हैं। बेसन और मसालों में लिपटी गोभी जब गर्म तेल में सुनहरी होकर तलती है, तो इसकी खुशबू भूख बढ़ा देती है। इन्हें बनाने के लिए ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं होती और घर में मौजूद सामान्य सामग्री से ही स्वादिष्ट नाश्ता तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं गोभी के पकोड़े बनाने की आसान रेसिपी।
गोभी के पकोड़े बनाने के लिए सामग्री
- फूलगोभी – 1 मध्यम आकार की
- बेसन – 1 कप
- चावल का आटा – 2 बड़े चम्मच
- हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- अजवाइन – आधा छोटा चम्मच
- हींग – स्वादानुसार
- नमक – स्वादानुसार
- हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
- तेल – तलने के लिए
गोभी के पकोड़े बनाने की आसान विधि
सबसे पहले फूलगोभी को अच्छी तरह धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इन्हें नमक मिले गुनगुने पानी में कुछ देर के लिए डाल दें। इसके बाद गोभी को पानी से निकालकर अच्छी तरह सुखा लें, ताकि तलते समय अतिरिक्त नमी की वजह से तेल में छींटे न पड़ें।
अब एक बड़े बर्तन में बेसन और चावल का आटा डालें। इसमें लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, अजवाइन, हींग और नमक मिलाएं। इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया डाल दें। थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न तो बहुत पतला हो और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा।
इसके बाद गोभी के टुकड़ों को तैयार घोल में डालकर अच्छी तरह लपेट लें। एक कड़ाही में तेल गर्म करें और गोभी के टुकड़ों को सावधानी से तेल में डालें। पकोड़ों को मध्यम से धीमी आंच पर तलें, ताकि गोभी अंदर तक पक जाए और बाहर से सुनहरी व कुरकुरी बन जाए। बीच-बीच में इन्हें पलटते रहें, जिससे सभी तरफ से अच्छी तरह सिक सकें।
जब पकोड़े सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, तो इन्हें कड़ाही से निकालकर टिश्यू पेपर पर रख दें। इससे अतिरिक्त तेल निकल जाएगा। इसी तरह बाकी गोभी के पकोड़े भी तैयार कर लें।
इन चीजों के साथ करें सर्व
गरमागरम गोभी के पकोड़ों को हरी चटनी, टमाटर सॉस या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोसें। साथ में अदरक और इलायची वाली गर्म चाय हो, तो नाश्ते का स्वाद और भी बढ़ जाएगा। ठंडे मौसम में परिवार के साथ बैठकर इस आसान रेसिपी का आनंद लिया जा सकता है।