शराब के लिए पोते ने दादा को किया परेशान, फिर दादा ने ही रची हत्या की साजिश; गाजियाबाद में चौंकाने वाला खुलासा

गाजियाबाद में अश्वनी उर्फ आशु की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके 80 वर्षीय दादा और चाचा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शराब की लत, मारपीट और पैसों को लेकर होने वाले विवाद से परेशान होकर दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लाठी और गमछा बरामद किया है।

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दो दिन पहले हुए आशु हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नंदग्राम थाना क्षेत्र के नूर नगर सिहानी में हुई इस वारदात में मृतक के दादा भीम सिंह और चाचा राजेश को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर आशु की गला घोंटकर हत्या की और बाद में शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आशु शराब पीने का आदी था। वह अक्सर अपने दादा से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगता था। पैसे नहीं मिलने पर वह उनके साथ मारपीट करता और जान से मारने की धमकी देता था। इन घटनाओं से परेशान होकर आशु के माता-पिता भी उससे अलग किराए के मकान में रहने लगे थे।

पुलिस के अनुसार, भीम सिंह ने अपनी पैतृक जमीन और मकान का कुछ हिस्सा करीब 9 लाख रुपये में बेचा था। इसमें से लगभग 7 लाख रुपये कर्ज चुकाने में खर्च हो गए, जबकि करीब ढाई लाख रुपये आशु ले गया था। इसके बावजूद वह लगातार दादा से पैसे मांगता रहा।

फोन छीनने के बाद बना हत्या का प्लान

10 सितंबर को आशु ने पैसे नहीं देने पर दादा का फोन छीन लिया और उसे बेचकर शराब पी ली। पुलिस के मुताबिक, इसी घटना के बाद भीम सिंह ने अपने छोटे बेटे राजेश के साथ मिलकर आशु की हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर की रात आशु घर पहुंचा और दादा से पैसे मांगने लगा। आरोप है कि भीम सिंह ने शराब में नींद की गोलियां मिलाकर उसे दे दीं। शराब पीने के बाद आशु छत पर सोने चला गया।

जब आशु गहरी नींद में था, तब भीम सिंह और राजेश ने मिलकर उसका गला घोंट दिया। इसके बाद लाठी से भी उसकी पिटाई की गई। दोनों ने शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।

पुलिस को दी अज्ञात के खिलाफ शिकायत

वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस को सूचना दी और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को परिवार के सदस्यों पर शक हुआ। पूछताछ में दादा और चाचा के कथित तौर पर शामिल होने का खुलासा हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाठी, गला घोंटने में इस्तेमाल गमछा और एक धारदार हथियार बरामद किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *