करोड़ों की संपत्ति और शादी बनी हत्या की वजह? वाराणसी में श्रेया मर्डर केस का खुलासा, आरोपी अब भी फरार

वाराणसी के श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में मुख्य आरोपी विवेक चौबे की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए चार टीमें लगाई हैं। परिजनों का आरोप है कि करोड़ों की संपत्ति और श्रेया की शादी तय होने से नाराज होकर उसकी हत्या की गई।

Knews Desk- वाराणसी के मरुई गांव की रहने वाली श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में 48 घंटे बाद भी मुख्य आरोपी विवेक चौबे पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। श्रेया एमएससी की पढ़ाई के साथ NEET की तैयारी कर रही थी। आरोप है कि बच्छांव स्थित एक कमरे के बाथरूम में उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई।

परिजनों के मुताबिक, श्रेया अपने पिता सुनील उपाध्याय की इकलौती बेटी थी और उसके नाम पर करोड़ों रुपये की पारिवारिक संपत्ति थी। चचेरे भाई अंशुमन उपाध्याय का आरोप है कि विवेक चौबे को इस संपत्ति के हाथ से निकलने का डर था और इसी वजह से उसने श्रेया की हत्या की साजिश रची।

पढ़ाई में मदद के दौरान बढ़ी नजदीकी

बताया जा रहा है कि श्रेया NEET की तैयारी के दौरान फार्मेसी की पढ़ाई कर चुके विवेक चौबे से पढ़ाई में मदद लेती थी। श्रेया उसे अपना भाई मानती थी, लेकिन परिवार का आरोप है कि विवेक की नीयत उसके प्रति ठीक नहीं थी।

इसी बीच श्रेया की शादी DRDO के एक अधिकारी से तय हो गई थी। नवंबर में उसकी सगाई और फरवरी में शादी प्रस्तावित थी। परिजनों का दावा है कि शादी तय होने के बाद विवेक को लगा कि श्रेया के विवाह के बाद उसके नाम की करोड़ों की संपत्ति पर उसका कोई अधिकार नहीं रहेगा। इसी लालच में हत्या को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है।

18 अगस्त को निकली थी घर से, दो दिन बाद मिला शव

श्रेया 18 अगस्त को जगतपुर पीजी कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस उसी दिन बच्छांव स्थित कमरे तक पहुंची थी। हालांकि, कमरे पर ताला लगा होने के कारण पुलिस वहां से वापस लौट गई।

अगले दिन विवेक के मामा चाबी लेकर कमरे पर पहुंचे। दरवाजा खुलने के बाद बाथरूम में श्रेया का शव मिला। उसकी हत्या बेहद निर्मम तरीके से की गई थी। परिजनों ने विवेक के मामा की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए हैं और जांच की मांग की है।

आरोपी की तलाश में चार पुलिस टीमें

घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

DCP क्राइम/गोमती नीतू कादयान के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, श्रेया के पिता और चचेरे भाई ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने की अपील की है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *