स्टेज पर फिर गूंजा अरिजीत का जादू, प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के बाद अनुष्का शंकर संग पहली लाइव परफॉर्मेंस

KNEWS DESK – सिंगर अरिजीत सिंह बीते कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के ऐलान ने उनके फैंस को हैरान कर दिया था। सोशल मीडिया पर फैंस ने उनसे यह फैसला वापस लेने की अपील भी की। इसी बीच अब अरिजीत सिंह को एक बार फिर लाइव शो में देखा गया है, जिसे देखकर उनके चाहने वालों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के बाद अरिजीत सिंह पहली बार कोलकाता में लाइव परफॉर्म करते नजर आए। बीती रात नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस कॉन्सर्ट में अरिजीत ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। खास बात यह रही कि इस मंच पर उन्होंने मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर के साथ स्टेज साझा किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही अरिजीत सिंह स्टेज पर पहुंचे, ऑडियंस ने जोरदार तालियों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान अरिजीत ने दर्शकों से कहा, “मैं बहुत नर्वस हूं, मुझे यहां बुलाने के लिए धन्यवाद।” उनकी सादगी और ईमानदारी ने फैंस का दिल जीत लिया।

बंगाली गीत से बांधा समां

लाइव शो में अरिजीत सिंह ने अनुष्का शंकर और ताल वादक विक्रम घोष के साथ मिलकर बंगाली गीत ‘माया भोरा राती’ की शानदार प्रस्तुति दी। यह गीत मूल रूप से लक्ष्मी शंकर द्वारा गाया गया था और इसका संगीत महान सितार वादक पंडित रवि शंकर ने दिया था। अरिजीत की आवाज और अनुष्का की सितार ने पूरे माहौल को भावुक बना दिया।

अरिजीत सिंह ने मंच से यह भी साझा किया कि वह अनुष्का शंकर के घर उनसे मिलने गए थे, जहां दोनों ने मिलकर एक नए गाने की कंपोजिशन पर भी काम किया है। इस खुलासे के बाद फैंस और ज्यादा उत्साहित हो गए।

कॉन्सर्ट के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें अरिजीत को गिटार बजाते हुए गाते देखा जा सकता है, जबकि अनुष्का शंकर सितार पर अपनी कला का जादू बिखेरती नजर आ रही हैं। दोनों की जुगलबंदी को दर्शकों ने खूब सराहा।

प्लेबैक सिंगिंग से लिया था रिटायरमेंट

गौरतलब है कि अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान किया था। उन्होंने साफ किया था कि अब वह फिल्मों के लिए गाने नहीं गाएंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि वह संगीत से दूर नहीं जा रहे हैं और कॉन्सर्ट, लाइव शो और इंडिपेंडेंट म्यूजिक बनाना जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *