knews desk – केंद्र सरकार ने साल 2024 के दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड के विजेता का ऐलान कर दिया है। दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड की सेलेक्शन कमेटी की सिफारिश पर दिग्गज कन्नड़ अभिनेता अनंत नाग को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। भारतीय सिनेमा में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अनंत नाग को बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कई दशकों से अपनी सहज अदाकारी, शानदार अभिनय और बहुमुखी प्रतिभा के जरिए अनंत नाग ने भारतीय सिनेमा, खासकर कन्नड़ सिनेमा पर गहरी छाप छोड़ी है।
22 सितंबर को मिलेगा सम्मान
अनंत नाग को यह पुरस्कार 22 सितंबर 2026 को 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा। यह समारोह गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित होगा।
अनंत नाग ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई भाषाओं की फिल्मों में काम किया है। उन्होंने कॉमेडी, ड्रामा और गंभीर किरदारों को अपनी खास अभिनय शैली से यादगार बनाया है।
300 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
अनंत नाग का जन्म 4 सितंबर 1948 को कर्नाटक के बेंगलुरु में हुआ था। उन्होंने अपने करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। इनमें ज्यादातर कन्नड़ फिल्में हैं, लेकिन उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, मराठी, मलयालम और अंग्रेजी फिल्मों में भी अभिनय किया है।
अनंत नाग को टीवी सीरीज ‘मालगुड़ी डेज़’ से भी काफी लोकप्रियता मिली। इसके अलावा उन्होंने सुपरहिट फिल्म ‘केजीएफ’ में भी अहम भूमिका निभाई थी। साल 2023 में उन्होंने सिनेमा जगत में अपने 50 साल पूरे किए थे।
भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए अनंत नाग को साल 2025 में पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था। अभिनय के अलावा वह राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। वह 1996 में जयादेवप्पा हलप्पा पटेल की कैबिनेट में मंत्री रह चुके हैं। इसके साथ ही वह एमएलसी और विधायक के रूप में भी काम कर चुके हैं।
दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड भारतीय सिनेमा में किसी कलाकार के आजीवन योगदान को सम्मानित करने वाला देश का सर्वोच्च फिल्म सम्मान माना जाता है। अनंत नाग को इस पुरस्कार के लिए चुने जाने के बाद कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में भी खुशी का माहौल है।