Knews Desk-पंजाब में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं, जब महज तीन घंटे के भीतर अमृतसर और जालंधर में दो संदिग्ध धमाकों ने पूरे राज्य में दहशत फैला दी। देर रात हुए इन ब्लास्ट्स के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
पहला धमाका जालंधर में हुआ, जहां बीएसएफ मुख्यालय के बाहर एक स्कूटी में विस्फोट हुआ। इस धमाके के बाद वहां आग लग गई, जिसका दृश्य पास के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। शुरुआती जांच में इसे संदिग्ध गतिविधि माना जा रहा है। इसके कुछ ही घंटों बाद अमृतसर के खासा इलाके में स्थित आर्मी कैंट के बाहर एक और विस्फोट हुआ, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी।

पंजाब पुलिस के अनुसार, अमृतसर के खासा आर्मी कैंट की बाउंड्री वॉल के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाहर से विस्फोटक फेंका, जिससे जोरदार धमाका हुआ। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके से मिले सबूतों के आधार पर फॉरेंसिक टीमों ने आशंका जताई है कि हमले में IED या ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के अनुसार, बाइक पर सवार नकाबपोश हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया और तुरंत फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सेना ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए अपने बम निरोधक दस्ते और विशेषज्ञों को मौके पर तैनात कर दिया है, जो पूरे क्षेत्र की जांच कर रहे हैं। इन लगातार धमाकों ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर स्थिति है और यह जानना जरूरी है कि पंजाब में अस्थिरता फैलाने की साजिश कौन रच रहा है। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने और तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पटियाला में रेलवे लाइन पर धमाका हुआ था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। हालांकि, उस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ था।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने साफ संकेत दिया है कि पंजाब में सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। जांच एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए इस साजिश के पीछे के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई हैं, ताकि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।