‘तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष…’ ममता बनर्जी ने X पर बदला अपना बायो, जानें क्या लिखा

KNEWS DESK – पश्चिम बंगाल को नया मुख्यमंत्री मिलते ही राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। बीजेपी नेता Suvendu Adhikari ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली, जिसके बाद Mamata Banerjee के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर भी बड़ा बदलाव नजर आया।

अब तक अपने बायो में “मुख्यमंत्री” लिखने वाली ममता बनर्जी ने अपने प्रोफाइल में बदलाव करते हुए खुद को “अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष” बताया है। इसके साथ उन्होंने “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री” भी लिखा है, लेकिन ब्रैकेट में 15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा का उल्लेख किया है, जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि वह अब पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में अपनी पहचान दर्ज कर रही हैं।

चुनाव नतीजों के बाद हार के बावजूद ममता बनर्जी ने पहले साफ कहा था कि वह इस्तीफा नहीं देंगी। उनका कहना था कि “मैं हारी नहीं हूं, फिर इस्तीफा क्यों दूं?” यही वजह थी कि कुछ समय पहले तक उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल पर “पूर्व” शब्द भी नहीं लिखा गया था। लेकिन जैसे ही शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, ममता के X बायो में यह बदलाव सामने आया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संवैधानिक रूप से मुख्यमंत्री चुनाव परिणाम आने के बाद कार्यवाहक भूमिका में रहते हैं, लेकिन परंपरा के अनुसार उन्हें इस्तीफा देना होता है। 2011 में भी ऐसा ही देखने को मिला था, जब बुद्धदेव भट्टाचार्य ने चुनाव हारने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि इस बार ममता बनर्जी ने ऐसा नहीं किया।

दूसरी ओर, Suvendu Adhikari ने पश्चिम बंगाल के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इससे पहले उनके सोशल मीडिया बायो में “विपक्ष के नेता” लिखा था, जिसे अब बदलकर “मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल” कर दिया गया है।

भाजपा ने इस चुनाव में 207 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर—दोनों सीटों पर जीत दर्ज की, जिसमें भवानीपुर सीट पर उन्होंने ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक वोटों से हराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *