हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के बीच दर्दनाक हादसा… रोडवेज बस की टक्कर से हरियाणा के कांवड़िए की मौत, दो साथी गंभीर

Haridwar Roadways Bus Accident: हरिद्वार में रोडवेज बस ने तीन कांवड़ियों को टक्कर मार दी. दुर्घटना में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. घटना को लेकर कांवड़ियों में आक्रोश है.

Knews Desk- हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के एक कांवड़िए की जान चली गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना श्यामपुर थाना क्षेत्र के हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे स्थित कांगड़ी फ्लाईओवर पर हुई, जहां उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों की सहायता कर पुलिस को सूचना दी.

पुलिस के अनुसार, बाइक पर सवार मनीष (23), कमल और मयंक हरियाणा के फरीदाबाद स्थित गांधी कॉलोनी के निवासी थे. तीनों दोस्त हरिद्वार में गंगाजल लेने के लिए हरकी पैड़ी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उत्तराखंड रोडवेज की बस (UK08PA1780) ने उनकी बाइक (HR87M-1659) को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. घायलों को निजी एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया. वहीं कमल और मयंक की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है.

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन रोकने के बजाय बस लेकर मौके से निकल गया. सूचना मिलने पर श्यामपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है तथा मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है. परिजनों को घटना की सूचना भी दे दी गई है.

सीसीटीवी फुटेज से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब कांगड़ी फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार बस चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके. अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में बढ़ा यातायात दबाव
कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाइक और अन्य वाहनों से पहुंच रहे हैं. हाईवे पर बढ़ते ट्रैफिक और तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है. प्रशासन यात्रियों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *