वृंदावन दर्शन पर निकले स्कॉर्पियो से 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गुलावठी कोतवाली क्षेत्र के छपरावत गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के मुताबिक, चार दोस्त मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। सभी युवक बुलंदशहर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। रास्ते में उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पलटते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान शिवम, दीपक और आर्यन नाम के तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं चौथे युवक विशाल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे मेरठ के हायर सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। गांव में मातम का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध नजर आ रहा है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *