INDIA गठबंधन के सांसद 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे संसद के संविधान सदन में बैठक करेंगे। इसके बाद ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर विपक्ष लगातार चौथे दिन प्रदर्शन कर सकता है।
Knews Desk– मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और INDIA गठबंधन के अन्य विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार, 9 अक्टूबर को भी जारी रहने की संभावना है। विपक्षी सांसद दोपहर 3 बजे संसद के संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में बैठक करेंगे। इस दौरान ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। विपक्ष ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए समय मांगा है। यदि मुलाकात का समय नहीं मिलता है, तो विपक्षी दलों ने अपने अन्य विकल्प खुले रखने के संकेत दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर होने वाले प्रदर्शन के लिए सेवा तीर्थ, राष्ट्रपति भवन, उपराष्ट्रपति आवास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास के आसपास के क्षेत्र संभावित स्थान हो सकते हैं। हालांकि, प्रदर्शन के अंतिम कार्यक्रम को लेकर विपक्षी दलों की बैठक के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ाई गई
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पहले से ही Z+ सुरक्षा प्राप्त है। अब उनकी सुरक्षा व्यवस्था में अतिरिक्त कमांडो शामिल किए गए हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब INDIA गठबंधन के नेता चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगातार विरोध जता रहे हैं।
विपक्षी दलों ने स्पष्ट किया है कि वे इस मुद्दे पर अपना आंदोलन जारी रखेंगे। इससे पहले हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद दिल्ली पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की हैं। अन्य मामले भी दर्ज किए जाने की संभावना जताई गई है। एफआईआर में पुलिसकर्मियों पर हमले, सरकारी कामकाज में बाधा डालने, धक्का-मुक्की, पुलिस के साथ हाथापाई और दुर्व्यवहार जैसे आरोप लगाए गए हैं। इन मामलों में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम भी शामिल हैं।
राहुल गांधी को बुधवार को बैरिकेड का गेट खोलने की कोशिश करते हुए देखा गया था, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।
बीजेपी ने आरोपों को किया खारिज
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेता पर अराजक मानसिकता रखने का आरोप भी लगाया।
अब सभी की नजरें INDIA गठबंधन की बैठक और उसके बाद घोषित होने वाले विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम पर टिकी हैं।