KNEWS DESK- देवभूमि उत्तराखंड में स्थित पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट शुक्रवार, सुबह 7 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में खुले कपाटों के साथ ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से गूंज उठा। इस शुभ अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
कपाट खुलने के शुभ अवसर को और भी खास बनाने के लिए श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। मंदिर को 108 क्विंटल फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरा क्षेत्र एक अद्भुत आध्यात्मिक आभा में नहाया हुआ प्रतीत हो रहा था।
गुरुवार को ही बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली केदारनाथ धाम पहुंच चुकी थी। इसके स्वागत में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालु कपाट खुलने से पहले ही धाम में पहुंच चुके थे और शुक्रवार सुबह जैसे ही कपाट खुले, भक्तों की श्रद्धा ने एक नया उत्साह भर दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर राज्यवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायज़ा भी लिया और प्रशासन की तैयारियों की सराहना की।
बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच स्थित केदारनाथ धाम में इस वर्ष एक बार फिर अद्भुत श्रद्धा और भक्ति का संगम देखने को मिला। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। मौसम और भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और मेडिकल सुविधा से लेकर रुकने-खाने की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया गया है।
ये भी पढ़ें- IPL 2025: मुंबई इंडियंस की जबरदस्त वापसी, राजस्थान को 100 रनों से रौंदा