अनुष्का से रिलेशनशिप को लेकर बोले तेज प्रताप, कहा- यह पता लगाइए कि आकाश भाटी कौन है?

KNEWS DESK- पूर्व बिहार मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार सुर्खियों की वजह उनके निजी जीवन को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहें और उस पर दिया गया उनका तीखा बयान है। तेज प्रताप यादव ने हाल ही में अनुष्का यादव नाम की महिला और कथित बेटी को लेकर चल रही खबरों का सिरे से खंडन किया है।

तेज प्रताप यादव ने साफ शब्दों में कहा कि न तो उनकी कोई बेटी है और न ही अनुष्का यादव नाम की किसी महिला से उनका कोई रिश्ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर जानबूझकर झूठी कहानियां फैलाई जा रही हैं, ताकि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उन्हें एक महिला से झूठे तौर पर जोड़ा गया था, जिसके चलते उन्हें पार्टी और परिवार से अलग होना पड़ा और अब उसी मामले को दोबारा हवा दी जा रही है।

तेज प्रताप ने कहा कि इन अफवाहों की वजह से वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश करार देते हुए कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरजेडी सांसद संजय यादव, विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह, पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव, मुकेश रौशन और तेजस्वी यादव के करीबी रमीज का नाम लेते हुए इन्हें ‘जयचंद’ बताया।

पीटीआई के मुताबिक, तेज प्रताप यादव ने कहा कि अब किसी तरह का कोई सस्पेंस नहीं बचा है और जिन लोगों पर वह आरोप लगा रहे हैं, उनके नाम उन्होंने सार्वजनिक कर दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह इन सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे, चाहे वे कितने ही बड़े पद पर क्यों न हों।

तेज प्रताप ने यह भी मांग की कि इस पूरे मामले में यह जांच होनी चाहिए कि आकाश भाटी कौन है और उसका उस महिला से क्या संबंध है। उन्होंने दोहराया कि उनका उस महिला से कोई लेना-देना नहीं है और वह अदालत में जाकर अपनी सच्चाई साबित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *