संसद के विशेष सत्र में नई पोशाक में दिखेगा स्टाफ, इस रंग में नजर आएंगे कर्मचारी

KNEWS DESK- 18 सितंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र के दौरान कार्यवाही की शुरुआत पुराने भवन में होगी और इसका अंत नए भवन में होगा| इसकी कार्यवाही गणेश चतुर्थी के दिन से यानी 19 सितम्बर से होगी| ऐसे में संसद स्टाफ की पोशाक में भी बदलाव देखा जा सकता है| निफ्ट ने नई ड्रेसेस डिजाइन की हैं|

जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर को संसद के विशेष सत्र के पहले दिन वर्तमान संसद भवन के निर्माण से लेकर अब तक की यादों को लेकर चर्चा की जाएगी| दूसरे दिन पूजा-अर्चना के बाद नए संसद भवन में प्रवेश होगा और दोनों सदनों की संयुक्त बैठक भी हो सकती है| संसद की कार्यवाही के पुराने से नए भवन में शिफ्ट होने की इस यात्रा के साथ ही ये विशेष सत्र के कर्मचारियों की ड्रेस में बदलाव भी देखा जा सकता है|

संसद भवन के स्टाफ के लिए नई पोशाक डिजाइन की गई हैं| सचिवालय के कर्मचारियों का परिधान बंद गला सूट से बदल कर मैजेंटा या गहरे गुलाबी रंग की नेहरु जैकेट कर दी जाएगी| उनके शर्ट भी गहरे गुलाबी रंग के होंगे जिन पर कमल का फूल बना होगा जिसे वे खाकी रंग की पैंट के साथ पहनेंगे|

गुलाबी रंग की शर्ट पर होगा कमल का फूल

संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा के मार्शल की ड्रेस भी इस विशेष सत्र से बदल जाएगी| बताया जाता है कि संसद के इस विशेष सत्र में दोनों सदनों के मार्शल मणिपुरी पगड़ी पहनेंगे| अब तक संसद भवन के सुरक्षा कर्मचारी सफारी सूट पहनते आए हैं| अब ये कमांडो की तरह कैमोफ्लेज ड्रेस में देखे जाएंगे|

विपक्षी कांग्रेस ने संसद भवन के कर्मचारियों की नई ड्रेस को लेकर कई सवाल उठाए हैं| कांग्रेस सांसद और लोकसभा में पार्टी के चीफ व्हिप मनिकम टैगोर ने ट्वीट कर लिखा कि कमल का फूल ही क्यों? मोर और टाइगर क्यों नहीं हो सकते? आगे लिखा कि ओह, ये बीजेपी के चुनाव निशान नहीं हैं| टैगोर ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से सवाल भी किया है कि ये गिरावट क्यों?

About Post Author