दिल्ली से वृंदावन तक होगी ‘सनातन हिंदू एकता पदयात्रा’

डिजिटल डेस्क- बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम सरकार) 7 से 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन तक ‘सनातन हिंदू एकता पदयात्रा’ निकालेंगे। इस पदयात्रा की तैयारियों को लेकर वृंदावन के श्रीकृष्ण धाम में संत मिलन का आयोजन हुआ, जहां देशभर से आए संतों और प्रबुद्धजनों ने तन-मन-धन से सहयोग का वचन दिया। संतों ने इस यात्रा को राष्ट्रीय यज्ञ बताते हुए सभी से इसमें आहुति देने की अपील की। चर्चा में यह भी तय किया गया कि यात्रा जिस मठ और आश्रम से गुजरेगी, वहां भव्य स्वागत होगा। ब्रज क्षेत्र में प्रवेश करते ही बृजवासी सेवा न्यास और स्थानीय संगठन यात्रियों के लिए भंडारे और अन्य व्यवस्थाएं संभालेंगे। समागम में गीता मनीषी, गिरीशानंद महाराज, चित्त प्रकाशानंद महाराज, अनिरुद्धाचार्य महाराज, श्रीकृष्ण चंद्र ठाकुर, विनोद बाबा के प्रतिनिधि सहित अनेक संत मौजूद रहे।

गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा और यमुना की स्वच्छता की मांग
मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास देवाचार्य महाराज ने कहा कि गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने वृंदावन को मांस और मदिरा से मुक्त करने, गौवध पर पूर्ण रोक लगाने और भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने के लिए गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही यमुना नदी को पूरी तरह स्वच्छ करने और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले के शीघ्र निपटारे की भी मांग उठाई। दिल्ली से आए सांसद मनोज तिवारी ने आश्वासन दिया कि अगले तीन वर्षों में यमुना को पूरी तरह स्वच्छ कर दिया जाएगा।

बागेश्वर महाराज का सम्मान
समारोह में ब्रज तीर्थ देवालय न्यास के संरक्षक मृदुलकांत शास्त्री ने बागेश्वर धाम सरकार को चुनरी ओढ़ाकर और श्रीमद्भागवत गीता भेंटकर सम्मानित किया। विभिन्न आश्रमों और संस्थाओं ने भी उनका स्वागत किया।