डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सरसावा थाना क्षेत्र की कौशिक बिहार कॉलोनी में एक घर के अंदर एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव संदिग्ध हालात में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान अशोक राठी, उनकी पत्नी अजिता, मां विद्यावती और दो बेटे कार्तिक व देव के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सभी की मौत गोली लगने से होने की पुष्टि हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों और कॉलोनी से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हालात को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया। एसपी देहात सागर जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। इसके बाद DIG अभिषेक सिंह और SSP/DIG आशीष तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सभी पांचों शव एक ही कमरे के अंदर पाए गए। कमरे से तीन देशी तमंचे बरामद किए गए हैं, जो प्रथम दृष्टया अवैध बताए जा रहे हैं। साथ ही मृतकों के मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए खंगाला जा रहा है।
सीने और माथे पर मिले गोली के निशान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक राठी के सीने पर गोली का निशान है, जबकि दोनों बच्चों के माथे पर गोली मारी गई है। अशोक की पत्नी और मां को भी गोली लगी है। पुलिस का कहना है कि गोली नजदीक से मारी गई है, जिसे पॉइंट ब्लैंक रेंज फायर बताया जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। SSP/DIG आशीष तिवारी ने बताया कि मृतक अशोक राठी नकुड़ तहसील में अमीन के पद पर तैनात थे। उन्हें यह नौकरी अपने पिता की मौत के बाद मृतक आश्रित कोटे में मिली थी। उनका बेटा देव एमटीएस पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था, जबकि कार्तिक नकुड़ के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ता था।
शांत स्वभाव का बताया जा रहा परिवार
पड़ोसियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, राठी परिवार बेहद शांत स्वभाव का था और किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में पूरे इलाके में यह सवाल गूंज रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पूरा परिवार इस भयावह अंत का शिकार हो गया। पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।