Republic Day 2024: पहली बार कर्तव्य पथ पर दिखेगा पूर्वोत्तर की लड़कियों का बैंड, दिखेगी देश की सैन्य शक्ति

KNEWS DESK- देश आज अपना 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। हमेशा की तरह, सभी की निगाहें वार्षिक गणतंत्र दिवस परेड पर हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भारत की सैन्य ताकत और सांस्कृतिक विविधता प्रदर्शित की जाएगी। इस साल की परेड के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों हैं। वहीं, गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस, अग्निशमन सेवा, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा और सुधार सेवा के कुल 1,132 कर्मियों को वीरता और सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

गणतंत्र दिवस को लेकर दिल्ली में जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। दिल्ली की सभी सीमाओं को परेड खत्म होने तक सील कर दिया गया है। जमीन पर सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री के हथियारबंद जवानों को तैनात कर दिया गया है। कई मार्गां पर नाकाबंदी कर दी गई है।

पहली बार कर्तव्य पथ पर दिखेगा पूर्वोत्तर की लड़कियों का बैंड

उत्तर पूर्व की 45 लड़कियों का एक बैंड पहली बार राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) गणतंत्र दिवस परेड में भाग ले रहा है। लड़कियां 13-15 आयु वर्ग की हैं, जो पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करती हैं और देश के हर कोने तक एनसीसी की पहुंच का प्रदर्शन करती हैं।

गणतंत्र दिवस की परेड में दिखेगी देश की सैन्य शक्ति

गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान देश की सैन्य शक्ति के साथ-साथ सांस्कृतिक विविधता का अनूठा मिश्रण देखने को मिलेगा। परेड में आधुनिक हथियारों के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों और मंत्रालयों की झांकियां भी निकाली जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में भारतीय वायु सेना के विमानों और हेलीकॉप्टरों का फ्लाई पास्ट देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़ें-   75वें गणतंत्र दिवस के चीफ गेस्ट फ्रांस के राष्ट्रपति पहुंचे भारत, इमैनुएल मैक्रों से मिलने जयपुर पहुंचे पीएम मोदी

About Post Author