knews desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। इसी सिलसिले में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कोलकाता पहुंचे। यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि मोदी को समझने के लिए भारत को समझना जरूरी है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। इसके 20 दिन बाद, 7 अक्टूबर को सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्ष पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ‘जरूरत से ज्यादा रेगुलेशन और कम गवर्नेंस’ वाली सोच को बदलकर ‘सही रेगुलेशन और अच्छी गवर्नेंस’ की व्यवस्था पर जोर दिया है। रक्षा मंत्री ने इसे ही ‘मोदीनॉमिक्स’ बताया।
UPI को लेकर राजनाथ सिंह का बयान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजनाथ सिंह ने डिजिटल पेमेंट सिस्टम UPI का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में UPI का विरोध हुआ था, लेकिन आज इसके जरिए बड़े पैमाने पर लेनदेन हो रहा है। उनके मुताबिक, UPI के जरिए 23.66 अरब ट्रांजैक्शन हुए हैं।
उन्होंने कहा कि UPI ने सड़क किनारे सामान बेचने वाले स्ट्रीट वेंडर्स की आमदनी और काम करने के तरीके में भी बदलाव किया है। राजनाथ सिंह ने फ्रांस के राष्ट्रपति की ओर से UPI की तारीफ किए जाने का भी उल्लेख किया।
रक्षा मंत्री ने भारत में तकनीकी विकास का उदाहरण देते हुए कहा कि एक स्टार्टअप ने देश का पहला 3D प्रिंटेड क्रायोजेनिक रॉकेट इंजन तैयार किया है। उन्होंने इसे बड़ी उपलब्धि बताया।
डिफेंस एक्सपोर्ट में बढ़ोतरी का दावा
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के रक्षा उत्पाद अब दुनिया के करीब 100 देशों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि रक्षा क्षेत्र के निर्यात में 56 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और यह आंकड़ा 1.08 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि देश में स्टार्टअप की संख्या 2014 के करीब 500 से बढ़कर अब लगभग 2 लाख हो गई है। राजनाथ सिंह ने सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाने, 12 करोड़ शौचालय बनाने और 4 करोड़ लोगों को घर उपलब्ध कराने जैसे काम किए गए हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि महिलाओं के बैंक खातों की संख्या बढ़ी है और सरकारी योजनाओं का पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT के जरिए सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की लीकेज रोकी है, जो पहले बिचौलियों के जरिए गलत तरीके से चली जाती थी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि गुजरात ऐसा राज्य रहा, जहां देश के दूसरे हिस्सों से पहले बिजली की पहुंच हर क्षेत्र तक सुनिश्चित की गई। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और प्रशासनिक बदलावों को मोदी सरकार की उपलब्धियों के तौर पर पेश किया।
पश्चिम बंगाल में शिप-बिल्डिंग हब बनाने की बात
राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में राज्य दुनिया का सबसे बड़ा शिप-बिल्डिंग हब बन सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर NDA के सहयोगी दलों ने एक साल तक भारत के विकास और जनसेवा के लिए काम करने का संकल्प लिया है। इसके तहत 12 प्रमुख कार्यक्रम तय किए गए हैं।
एक महीने तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और यह 17 अक्टूबर तक चलने की योजना है। अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, मेडिकल कैंप, पौधरोपण, डिजिटल साक्षरता और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे। उन्होंने लोगों से जनसेवा के लिए समय देने की अपील करते हुए कहा कि जो लोग देश और समाज के लिए 25 मिनट भी देंगे, उन्हें सेवा का अवसर मिलेगा।
राजनाथ सिंह के मुताबिक, इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाना और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के प्रशासनिक सफर को भी इस अभियान के जरिए जनता के सामने रखा जाएगा।