14 जनवरी से 20 मार्च तक, राहुल गांधी करेंगे ‘भारत न्याय यात्रा’, 6200 KM का होगा पूरा सफर

KNEWS DESK-  कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘भारत न्याय यात्रा’ करने वाले हैं| पिछले साल सितंबर से लेकर इस साल 14 जनवरी तक भारत जोड़ो यात्रा करने के बाद अब राहुल नई यात्रा करने जा रहे हैं| ‘भारत न्याय यात्रा’ लोगों को सामाजिक और आर्थिक न्याय दिलाने के लिए की जा रही है|

भारत न्याय यात्रा की शुरुआत पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर से होगी, जो पश्चिम में महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में जाकर खत्म होगी| इस तरह राहुल भारत न्याय यात्रा में पूर्व से पश्चिम की तरफ सफर करने वाले हैं| पूरी यात्रा में 6200 किमी का सफर तय किया जाएगा| ज्यादातर यात्रा बस के जरिए ही कवर की जाएगी हालांकि कहीं-कहीं पैदल भी सफर किया जाएगा| भारत न्याय यात्रा को भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा संस्कृरण बताया गया है, जिसकी शुरुआत 14 जनवरी से होगी|

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 14 जनवरी को मणिपुर में भारत न्याय यात्रा को झंडा दिखाएंगे| इस तरह यात्रा की आधिकारिक तौर पर शुरुआत हो जाएगी| ये यात्रा 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी| भारत न्याय यात्रा 14 राज्यों के 85 जिलों से होकर गुजरेगी| मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से भारत न्याय यात्रा गुजरने वाली है|

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत न्याय यात्रा को लेकर जानकारी दी| उन्होंने कहा,  21 दिसंबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने सर्वसम्मति से अपना मत रखा कि राहुल गांधी को पूर्व से पश्चिम की तरफ एक यात्रा करनी चाहिए| राहुल गांधी भी सीडब्ल्यूसी की इस इच्छा को पूरा करने के लिए तैयार हो गए|

उन्होंने कहा, ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी ने फैसला किया है कि 14 जनवरी से 20 मार्च तक मणिपुर से लेकर मुंबई तक भारत न्याय यात्रा की जाएगी| इस यात्रा में राहुल गांधी युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर पड़े लोगों से मुलाकात करने वाले हैं| बस यात्रा के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जाएगा| यात्रा में कुछ छोटे हिस्से को रुक-रुक कर पैदल भी कवर किया जाएगा|

आपको बता दें, राहुल गांधी ने सितंबर 2022 में भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी, जो जनवरी 2023 में खत्म हुई| राहुल गांधी की यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर को कन्याकुमारी से हुई| इस यात्रा के जरिए उन्होंने 4500 किलोमीटर से ज्यादा का सफर पैदल ही तय किया| इस यात्रा का मकसद भारत को एकजुट और देश को मजबूत करना था| भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी, 2023 को कश्मीर में जाकर खत्म हुई| इस यात्रा के माध्यम से 12 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों के 75 जिलों को कवर किया गया था| ये यात्रा जिस-जिस राज्य से होकर गुजरी, उन राज्यों में कांग्रेस नेताओं ने इसमें हिस्सा लिया| कई प्रमुख हस्तियां भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होती नजर आईं|

About Post Author