राहुल गांधी का पेलेट गन मामले में धरना, बोले- साहिल को इंसाफ मिलने तक नहीं हटूंगा

Knews Desk- पेलेट गन मामले को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा है। शुक्रवार को राहुल गांधी घायल युवक साहिल के साथ संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचे और FIR दर्ज करने की मांग की। उन्होंने साफ कहा कि जब तक शिकायत पर FIR दर्ज नहीं होती, वह वहां से नहीं हटेंगे।

राहुल गांधी ने पेलेट गन के छर्रों से भरी एक डिब्बी भी दिखाई। उनका दावा है कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान साहिल पर पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद उसके शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे मिले। राहुल के मुताबिक, साहिल की आंख में भी तीन छर्रे लगे हैं और उसकी रोशनी जाने का खतरा है। उन्होंने यह भी कहा कि साहिल के दिल के पास भी छर्रे मौजूद हैं, जिन्हें डॉक्टरों ने निकालने से मना किया है।

राहुल गांधी ने कहा कि घटना को लेकर 13 अगस्त से शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन FIR दर्ज नहीं की जा रही। उनका आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि ऊपर से आदेश होने के कारण मामला दर्ज नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस का दावा है कि उसने पेलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया, तो फिर यह पता लगाना जरूरी है कि गोली और छर्रे कहां से आए। राहुल गांधी ने इसे गंभीर अपराध बताते हुए FIR और न्यायिक जांच की मांग की।

साहिल के वकील ने भी लगाए गंभीर आरोप

साहिल के वकील ने बताया कि 14 अगस्त को शिकायत लेकर कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। वहां उन्हें बताया गया कि जंतर-मंतर से जुड़े मामले संसद मार्ग थाने में भेजे गए हैं। जब वे संसद मार्ग थाने पहुंचे तो पुलिस ने घटना का क्षेत्राधिकार कनॉट प्लेस बताया।

वकील के मुताबिक, शिकायत पढ़ने के बाद उसे वापस कर दिया गया और काफी देर तक इंतजार कराया गया। उनका दावा है कि SHO ने फोन पर कहा कि पुलिस को ऊपर से निर्देश मिले हैं और वह मामला दर्ज नहीं कर सकती। वकील ने बताया कि उनके पास लेडी हार्डिंग अस्पताल की MLC भी मौजूद है, जिसमें साहिल के शरीर पर चोट और खून बहने का उल्लेख है।

बीजेपी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

राहुल गांधी के धरने पर बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी पर बिना अनुमति पुलिस स्टेशन के बाहर धरना देने और कानून का पालन नहीं करने का आरोप लगाया।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जिस घटना का राहुल गांधी जिक्र कर रहे हैं, उससे जुड़ी FIR पहले ही दर्ज हो चुकी है और मामले की जांच चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जांच के लिए एक हाई-पावर्ड कमेटी बनाई है।

बीजेपी ने राहुल गांधी के प्रदर्शन को राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसकी आलोचना की है, जबकि राहुल गांधी का कहना है कि वह साहिल और दूसरे पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *