CUET-UG में गड़बड़ी पर राहुल गांधी का हमला, बोले- ‘जिस पीढ़ी का भविष्य बिगाड़ रहे हैं, वही हिसाब करेगी’

KNEWS DESK – कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2026 के दौरान कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी दिक्कतें सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी, जिससे कई छात्रों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए देश की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में कई बड़ी परीक्षाएं विवादों और अव्यवस्थाओं के कारण चर्चा में रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण एग्जाम्स को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने में सरकार विफल रही है।

दरअसल, CUET-UG 2026 की परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं, जिसके चलते परीक्षा शुरू होने में देरी हुई। इसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने स्थिति को संभालते हुए तकनीकी खामी को दूर किया और प्रभावित छात्रों को पूरा परीक्षा समय देने की व्यवस्था की।

NTA ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि के बराबर समय दिया गया, ताकि किसी भी छात्र को नुकसान न हो। एजेंसी ने असुविधा के लिए खेद भी जताया और छात्रों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर तथा ईमेल सुविधा उपलब्ध कराई।

परीक्षा एजेंसी के मुताबिक CUET-UG देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक है, जिसमें लाखों छात्र हिस्सा लेते हैं। अलग-अलग विषयों और शिफ्टों के कारण यह परीक्षा कई दिनों तक आयोजित की जाती है। इस वर्ष परीक्षा का आयोजन 11 मई से 31 मई तक किया जा रहा है।

हालांकि, तकनीकी गड़बड़ी की घटना के बाद परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर फिर बहस छिड़ गई है। विपक्ष जहां सरकार से जवाब मांग रहा है, वहीं NTA का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *