राघव चड्ढा के भाजपा ज्वॉइन करने से भड़की आप, सांसद संजय सिंह ने पलटवार, बोले—AAP सांसदों की बगावत पंजाब के साथ गद्दारी

डिजिटल डेस्क- आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों की कथित बगावत पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का “ऑपरेशन लोटस” करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। संजय सिंह ने कहा कि पंजाब चुनाव से पहले साजिश का खेल शुरू कर दिया गया है और इसके जरिए AAP को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। संजय सिंह ने प्रेस बयान में कहा कि उनका मन इस घटनाक्रम से बेहद व्यथित और दुखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) के डर का इस्तेमाल कर नेताओं को तोड़ा गया। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं को पार्टी ने जमीन से उठाकर संसद तक पहुंचाया, वही अब पार्टी और जनता के भरोसे के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।

पीएम मोदी और गृहमंत्री पर साधा निशाना

उन्होंने अमित शाह और नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक अच्छी सरकार के कामकाज में बाधा डालने के लिए यह “घिनौना खेल” खेला जा रहा है। उनके मुताबिक, पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार शिक्षा, पानी और बिजली जैसे क्षेत्रों में बेहतर काम कर रही है, लेकिन कुछ ताकतें इसे रोकने में लगी हैं। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि हाल ही में अशोक कुमार मित्तल के घर पर ED की छापेमारी हुई थी और इसी तरह के दबाव बनाकर नेताओं को पार्टी से तोड़ा गया। उन्होंने कहा कि “कुछ लोगों को डराया गया, कुछ के घरों पर छापे मारे गए, और इसी डर के माहौल में उन्हें भाजपा में शामिल कराया गया।” उन्होंने खास तौर पर राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अन्य सांसदों का नाम लेते हुए कहा कि इन नेताओं को आम आदमी पार्टी और पंजाब की जनता ने बहुत सम्मान दिया, लेकिन उन्होंने उसी जनता के साथ धोखा किया है।

सातों सांसदों ने पीठ पर छुरा घोंपने का किया है काम- संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा, “सातों सांसदों ने पंजाब की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है। पंजाब की जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी।” उन्होंने इसे सिर्फ राजनीतिक घटनाक्रम नहीं, बल्कि जनता के विश्वास के साथ गद्दारी बताया। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी ने कई नेताओं को राजनीति में पहचान दी और संसद तक पहुंचाया, लेकिन अब वही लोग पार्टी छोड़कर विरोधी खेमे में चले गए हैं। उनके मुताबिक, यह पूरी प्रक्रिया लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इसका जवाब जनता जरूर देगी। संजय सिंह ने “ऑपरेशन लोटस” का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि यह पूरी साजिश पंजाब के साथ गद्दारी के लिए रची गई है। उन्होंने कहा कि जब-जब पंजाब के साथ धोखा हुआ है, जनता ने उसका जवाब दिया है और इस बार भी ऐसा ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *