डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश की राजनीति के दिग्गज और समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। इस खबर ने प्रदेश के राजनीतिक गलियारों और यादव परिवार में शोक की लहर दौड़ा दी है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव विक्रमादित्य मार्ग स्थित अपने आवास पर अचानक गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें अचेतावस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे अखिलेश यादव, दी भावुक प्रतिक्रिया
प्रतीक यादव के निधन की सूचना मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव सुबह किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने छह डॉक्टरों की निगरानी में चल रही पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान वहां अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने भावुक होकर कहा, “दो महीने पहले ही मेरी प्रतीक से मुलाकात हुई थी। कभी-कभी वित्तीय दबाव और कारोबारी नुकसान इंसान को बहुत दुखी कर देते हैं। हम कानून और परिवार की इच्छा के अनुसार आगे की कार्रवाई करेंगे।” घटना के समय प्रतीक यादव की पत्नी और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव एक पार्टी कार्यक्रम के सिलसिले में असम के दौरे पर थीं। पति के निधन की दुखद खबर मिलते ही वह दोपहर 2 बजे तक लखनऊ वापस लौट आईं। उनके आवास पर पहुंचने से पहले ही मैनपुरी सांसद डिंपल यादव और प्रतीक के चाचा शिवपाल सिंह यादव वहां पहुंच चुके थे। परिवार के अन्य सदस्य और शुभचिंतक भी ढांढस बंधाने के लिए विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर एकत्र हैं।
खराब सेहत और पारिवारिक पृष्ठभूमि
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, प्रतीक यादव की सेहत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी और हाल ही में उन्हें अपोलो अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। प्रतीक की मां साधना गुप्ता का निधन जुलाई 2022 में हुआ था, जबकि पिता मुलायम सिंह यादव ने अक्टूबर 2022 में दुनिया को अलविदा कहा था। प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर अपना रियल एस्टेट और फिटनेस का कारोबार संभालते थे।
गुरुवार को पिपराघाट पर होगा अंतिम संस्कार
प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार, 14 मई को दोपहर 12:30 बजे (संभावित समय) लखनऊ के पिपराघाट पर किया जाएगा। गौरतलब है कि उनकी माता साधना गुप्ता का अंतिम संस्कार भी इसी घाट पर हुआ था। परिवार में इस समय मातम का माहौल है और शासन-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।