KNEWS DESK- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज परिसीमन विधेयक को लेकर समर्थन जुटाने के लिए दो अहम बैठकें करेंगे। खरगे चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और मुंबई में शरद पवार से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में कांग्रेस नेताओं की ओर से परिसीमन विधेयक को लेकर समर्थन के फैसले पर पुनर्विचार के लिए बातचीत की जाएगी। खरगे के साथ सोनिया गांधी के भी शामिल होने की संभावना है।
चेन्नई में खरगे और एमके स्टालिन की मुलाकात दोपहर 2 बजे प्रस्तावित है। इसके बाद मुंबई में शरद पवार के साथ बैठक शाम 8 बजे होगी। कांग्रेस नेतृत्व इन दोनों नेताओं से परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर चर्चा करेगा। बताया गया है कि एनसीपी (एसपी) फिलहाल परिसीमन के कदम पर सरकार का समर्थन कर रही है।
इस बीच इंडिया ब्लॉक की बैठक में सुप्रिया सुले ऑनलाइन शामिल नहीं हुईं। बताया गया कि कांग्रेस की ओर से उनके पिता शरद पवार पर की गई टिप्पणी को लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की थी। महाराष्ट्र सदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि शरद पवार ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन प्रगतिशील आंदोलन के साथ बिताया है, लेकिन उनका इतिहास पीठ में खंजर घोंपने का रहा है।
वडेट्टीवार ने यह भी आरोप लगाया कि शरद पवार सत्ता के बिना नहीं रह सकते और यही उनकी राजनीतिक भूमिका रही है। इन बयानों के बाद कांग्रेस और पवार गुट के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। अब खरगे की शरद पवार और एमके स्टालिन के साथ होने वाली मुलाकातों को परिसीमन विधेयक पर विपक्षी दलों के बीच समर्थन जुटाने की कांग्रेस की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।