पटना कोचिंग फायरिंग केस में बड़ा मोड़, खान सर पर केस दर्ज, धारा 109 के तहत जांच तेज

KNEWS DESK- पटना के कदमकुआं इलाके में स्थित ‘खान ग्लोबल स्टडी’ कोचिंग सेंटर के बाहर हुई कथित फायरिंग मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में पुलिस ने कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पटना पुलिस ने BNS की धारा 109 (हत्या के प्रयास) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। इसके बाद से ही पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, खान सर फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो जांच का आधार बने हैं। इन वीडियो में कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग की घटना में गार्ड्स को शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने इन वीडियो के आधार पर दो गार्ड्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी।

पूछताछ के दौरान गार्ड्स ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि फायरिंग खान सर के निर्देश पर की गई थी। इसी बयान के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

इस घटना से पहले ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद मामला और गरमा गया और छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

गुरुवार को हजारों की संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए। गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक पर छात्रों ने कैंडल मार्च निकालकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रशासन से रौशन आनंद की रिहाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर वापस भेज दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामला लगातार उलझता जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *