राजस्थान में 4 चरणों में होंगे पंचायत चुनाव, 20 नवंबर को आएगा जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का रिजल्ट

KNEWS DESK- राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक चुनाव चार चरणों में कराए जाएंगे। 41 जिला परिषदों के 1,403 सदस्यों और 457 पंचायत समितियों के 8,245 सदस्यों के चुनाव होंगे। इसके अलावा 14,403 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच चुने जाएंगे। कुल मिलाकर करीब 1.69 लाख पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों का चुनाव होना है।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर को होगा। इन चुनावों के परिणाम 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। वहीं सरपंचों के चुनाव भी चार चरणों में 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 6 नवंबर और 16 नवंबर को होंगे। सरपंच चुनाव के परिणाम मतदान वाले दिन ही देर रात तक घोषित किए जाएंगे।

सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से होंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए EVM का इस्तेमाल किया जाएगा। पंचायतीराज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है। करीब 7,200 महिला सरपंच और 65 हजार से अधिक महिला वार्ड पंच चुने जाएंगे।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ग्रामीण राजस्थान में आचार संहिता लागू हो गई है। इसके तहत तबादलों पर रोक रहेगी और सरकार ऐसी नई योजनाओं या घोषणाओं को लागू नहीं कर सकेगी, जिनसे मतदाताओं के प्रभावित होने की संभावना हो। पहले से जारी विकास कार्य और प्रक्रिया में शामिल टेंडर निर्धारित नियमों के तहत जारी रह सकते हैं।

इस बार 41 जिला परिषदों, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। जिला परिषद सदस्य मिलकर जिला प्रमुख और पंचायत समिति सदस्य प्रधान का चुनाव करेंगे। चुनावों के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों पर निर्वाचन आयोग की निगरानी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *