SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक आज दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन करेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता मार्च में शामिल होंगे।
Knews Desk– विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक मंगलवार, 6 अक्टूबर को SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन करेगा। विपक्षी नेता संसद भवन से चुनाव आयोग मुख्यालय तक करीब 3 किलोमीटर का शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे। मार्च सुबह 11 बजे शुरू होगा, जबकि सांसदों को सुबह 10:30 बजे संसद भवन के मकर द्वार पर जुटने के लिए कहा गया है।
इस मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता शामिल होंगे। करीब 19 विपक्षी दलों के नेताओं के इस प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही गई है। हालांकि आम आदमी पार्टी और DMK ने मार्च से दूरी बनाई है।
विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। साथ ही चुनाव आयोग पर मतदाता सूचियों में हेरफेर का आरोप लगाते हुए SIR के खिलाफ लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। विपक्ष का यह विरोध 2 अक्टूबर से जारी है।
प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संसद मार्ग, चुनाव आयोग कार्यालय और जंतर-मंतर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने 5 अक्टूबर को बताया था कि विपक्षी सांसद मंगलवार सुबह संसद भवन से चुनाव आयोग तक शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम कथित ‘मत चोरी’ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक के आंदोलन का हिस्सा है।
जयराम रमेश के मुताबिक, 8 अक्टूबर तक INDIA ब्लॉक की पार्टियां जिला स्तर पर पदयात्राएं करेंगी। इसके बाद 10 से 20 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर बैठकें होंगी। 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक राज्य और जिला स्तर के साथ हर गांव में चौपालों के जरिए ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैलियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत उन 13.5 करोड़ मतदाताओं की जानकारी जुटाने पर भी जोर दिया जाएगा, जिनके नाम मतदाता सूची में नहीं हैं।