Knews Desk- स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ने अपने सभी छात्रावासों की मेस में नॉनवेज भोजन बनाने और परोसने पर रोक लगा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला सभी 18 हॉस्टलों के लिए लागू किया है। अब हॉस्टल की मेस में छात्रों को केवल शाकाहारी भोजन ही उपलब्ध कराया जाएगा।
यह फैसला केजीएमयू के 22वें दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल और विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की टिप्पणी के बाद लिया गया। समारोह में राज्यपाल ने हॉस्टल की मेस व्यवस्था को लेकर निरीक्षण रिपोर्ट का जिक्र किया था और भोजन की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए थे।
निरीक्षण में सामने आईं कई खामियां
राज्यपाल ने बताया कि राजभवन की टीम ने विश्वविद्यालय के छात्रावासों का निरीक्षण किया था। इस दौरान कुछ हॉस्टलों की मेस में नॉनवेज भोजन तैयार किया जाता पाया गया। इसके अलावा कुछ जगहों पर इस्तेमाल किए जा रहे मसालों की एक्सपायरी डेट भी खत्म हो चुकी थी।
निरीक्षण के बाद राज्यपाल ने मेस में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और छात्रों को सुरक्षित व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा था।
सभी हॉस्टलों को जारी हुए निर्देश
राज्यपाल की टिप्पणी के बाद केजीएमयू प्रशासन ने सभी छात्रावासों को आदेश जारी कर दिए हैं। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. के.के. सिंह ने बताया कि अब किसी भी हॉस्टल की मेस में नॉनवेज भोजन तैयार नहीं किया जाएगा और न ही उसे परोसा जाएगा।
छात्र बाहर से मंगा सकेंगे नॉनवेज खाना
हालांकि, विश्वविद्यालय ने छात्रों की व्यक्तिगत खान-पान की स्वतंत्रता पर रोक नहीं लगाई है। अगर कोई छात्र नॉनवेज खाना चाहता है तो वह हॉस्टल परिसर के बाहर जाकर या बाहर से मंगाकर उसका सेवन कर सकता है। प्रतिबंध सिर्फ हॉस्टल मेस में नॉनवेज बनाने और परोसने तक सीमित है।
भोजन व्यवस्था पर रहेगी सख्त निगरानी
केजीएमयू प्रशासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य छात्रों को बेहतर, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही हॉस्टल मेस की व्यवस्था और खाद्य सामग्री की जांच को भी और सख्त किया जाएगा।