MLC चुनाव: अनंत सिंह ने JDU उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा, जन सुराज के अनुज सिंह के नामांकन में पहुंचे

KNEWS DESK- बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ रुख कायम रखते हुए जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के नामांकन में पहुंचकर अपना समर्थन जताया।

नामांकन के दौरान अनंत सिंह खुली जीप में समर्थकों की भीड़ के साथ पहुंचे। उन्होंने नीरज कुमार की हार का दावा भी किया। अनंत सिंह पहले ही कह चुके हैं कि वह नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 26 विधानसभा क्षेत्रों में अनुज सिंह के लिए प्रचार करेंगे।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच जेडीयू के भीतर का विवाद भी चर्चा में है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर चुके हैं। श्रवण कुमार ने कहा है कि मामला पार्टी के बड़े नेताओं के संज्ञान में है और उचित समय पर समाधान किया जाएगा।

अनुज सिंह के नामांकन को लेकर अनंत सिंह के आवास पर 50 हजार रसगुल्ले तैयार किए जाने की भी चर्चा रही। जन सुराज ने अनुज सिंह को पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार बनाया है, जहां उनका मुकाबला जेडीयू के नीरज कुमार से है। इससे पहले अनंत सिंह ने अनुज सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया था, जबकि जेडीयू ने उनके विरोध के बावजूद नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *