पाकिस्तान के हरिपुर में गैस पाइपलाइन में भीषण विस्फोट, 8 की मौत, कई झुलसे

डिजिटल डेस्क- पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हरिपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां गुरुवार को एक औद्योगिक क्षेत्र में गैस पाइपलाइन में हुए जोरदार विस्फोट ने भारी तबाही मचा दी। इस हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहत-बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। यह विस्फोट हरिपुर जिले के हत्तर इंडस्ट्रियल एस्टेट में ग्रैंड ट्रंक रोड के पास स्थित एक कारखाने के नजदीक हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना जबरदस्त था कि दूर-दूर तक इसकी आवाज सुनी गई। विस्फोट के तुरंत बाद भीषण आग लग गई, जिसने आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।

राहत टीम को रेस्क्यू करने में करनी पड़ी भारी मशक्कत

आग इतनी तेजी से फैली कि पास स्थित एक मकान भी इसकी जद में आ गया, जिससे नुकसान और बढ़ गया। आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में राहत टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पाकिस्तान की आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जिला पुलिस अधिकारी के अनुसार, आग की भयावहता के बीच कम से कम चार महिलाओं और छह बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, कई महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है। प्रशासन के अनुसार, घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

ज्यादातर मौंते दम घुटने से

हरिपुर के उपायुक्त वसीम अहमद ने बताया कि इस हादसे में ज्यादातर मौतें आग से नहीं बल्कि दम घुटने के कारण हुई हैं। आग और धुएं के कारण लोग समय पर बाहर नहीं निकल पाए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है और पूरी कोशिश की जा रही है कि किसी भी फंसे हुए व्यक्ति को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके। फिलहाल, विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में गैस पाइपलाइन में तकनीकी खराबी या लीकेज की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी। घटना के बाद इलाके को घेर लिया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *