रात में भी खुले बाजार, बेखौफ होकर काम कर रहीं महिलाएं, योगी ने पूर्व सरकारों पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का जिक्र करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त के साथ व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं, जबकि आज महिलाएं भी नाइट शिफ्ट में निर्भय होकर काम कर रही हैं।

Knews Desk – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रोशनी केवल व्यापार की नहीं, बल्कि व्यापारियों के विश्वास का प्रकाश भी है। नाइट शिफ्ट में अपने कार्यस्थल पर निर्भय होकर दायित्व निभाती महिलाओं का आत्मविश्वास केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रगति का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा और विश्वास का यह वातावरण उत्तर प्रदेश में हमेशा से नहीं था। वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त के साथ व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उनके परिवारों में चिंता बनी रहती थी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस परिस्थिति को बदला है। अपराध और अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, आज बाजार रात में भी खुले रहते हैं। व्यापारियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने के नए अवसर मिल रहे हैं और बेटियां सुरक्षित वातावरण में अपनी प्रतिभा एवं परिश्रम के दम पर आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने महिला श्रम बल भागीदारी के आंकड़ों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश की महिला श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो चुकी है। उनके अनुसार, यह महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक सामर्थ्य और स्वावलंबन की सशक्त अभिव्यक्ति है।

योगी आदित्यनाथ ने इसे ‘सुरक्षा से समृद्धि’ की ओर अग्रसर नए उत्तर प्रदेश की नई पहचान बताया।