Mann Ki Baat: “15 नवंबर को पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस मनाएगा”, पीएम मोदी ने किया ऐलान

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार यानि आज अपने रेडियो प्रोग्राम मन की बात के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। पीएम मोदी की मन की बात का ये 106वां एपिसोड रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई।  पीएम मोदी ने अपने इस कार्यक्रम में राम मंदिर निर्माण और दिवाली को लेकर बात की। हाल ही में मंदिर ट्रस्ट ने पीएम मोदी को जनवरी में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के लिए निमंत्रण भी दिया है, जिसे पीएम की तरफ से स्वीकार किया गया।

पीएम मोदी ने 105वें मन की बात एपिसोड में जब देश को संबोधित किया था, उस वक्त उन्होंने भारत के जरिए हासिल किए गए कीर्तिमानों पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि किस तरह से भारत ने चांद पर जाकर अपना तिरंगा लहराया है। दरअसल, वह चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर बात कर रहे थे। चंद्रयान-3 मिशन के जरिए चांद के दक्षिणी ध्रुव पर जाने वाला भारत पहला देश बना है। अब तक कई देश चांद पर गए, मगर कोई दक्षिणी ध्रुव पर जाकर लैंड नहीं हुआ।

15 नवंबर को पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस मनाएगा

जनजातीय समुदाय को लेकर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 15 नवंबर को पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस मनाएगा। यह विशेष दिन भगवान बिरसा मुंडा की जन्म-जयंती से जुड़ा है। भगवान बिरसा मुंडा हम सब के दिलों में बसते हैं। उन्होंने कहा कि सच्चा साहस क्या है और अपनी संकल्प शक्ति पर अडिम रहना किसे कहते हैं, ये हम उनके जीवन से सीख सकते हैं।
बिरसा मुंडा को लेकर बात करते हुए पीएम मोदी ने अपने रेडियो प्रोग्राम में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने विदेशी शासन को कभी स्वीकार नहीं किया। उन्होंने ऐसे समय की परिकल्पना की थी, जहां अन्याय के लिए कोई जगह नहीं थी। वे चाहते थे कि हर व्यक्ति को सम्मान और समानता का जीवन मिले।
दिल्ली में होगा ‘अमृत वाटिका’ का निर्माण
पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने पिछले दिनों देश के हर गांव से, हर घर से मिट्टी संग्रह करने का आग्रह किया था। हर घर से मिट्टी संग्रह करने के बाद उसे कलश में रखा गया और फिर अमृत कलश यात्राएं निकाली गईं। देश के कोने-कोने से एकत्रित की गई ये माटी, ये हजारों अमृत कलश यात्राएं अब दिल्ली पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि यहां दिल्ली में उस मिट्टी को एक विशाल भारत कलश में डाला जाएगा और इसी पवित्र मिट्टी से दिल्ली में ‘अमृत वाटिका’ का निर्माण होगा।

31 अक्टूबर को रखी जाएगी ‘मेरा युवा भारत’ संगठन की नींव

मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि 31 अक्टूबर को एक बहुत बड़े राष्ट्रव्यापी संगठन की नींव रखी जा रही है। इसकी नींव सरदार पटेल की जन्म जयंती के मौके पर रखी जा रही है। इस संगठन का नाम- मेरा युवा भारत यानी MYBharat है. MYBharat संगठन भारत के युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के विभिन्न आयोजनों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देगा।

पीएम मोदी ने सरदार पटेल को किया याद

पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 31 अक्टूबर का दिन हम सभी के लिए बहुत विशेष होता है। इस दिन हमारे लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म-जयंती है। उन्होंने कहा कि हम भारतवासी, उन्हें कई वजहों से याद करते हैं. उन्हें इसलिए भी नमन किया जाता है, क्योंकि उन्होंने देश की 580 से ज्यादा रियासतों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ये भी पढ़ें-    मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर 29 अक्टूबर को आ सकता है SC का फैसला, सिसोदिया के वकील का दावा

About Post Author