चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर बोली ममता बनर्जी, फिसली जुबान,‘जब राकेश रोशन चंद्रमा पर उतरे’

KNEWS DESK… पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी एक बार फिर से सुर्खियों में आ गईं। बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान, TMC प्रमुख की जुबान फिसल गई और उन्होंने अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की जगह फिल्म प्रॉड्यूसर-डायरेक्टर राकेश रोशन का नाम ले लिया। उन्होंने कहा कि जब राकेश रोशन चंद्रमा पर उतरे थे।

दरअसल आपको बता दें कि सीएम ममता बनर्जी सभा को संबोधित करते हुए चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग से पहले ISRO के वैज्ञानिकों की तारीफ कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद सभी लोगों की ओर से, बंगाल के लोगों और देशवासियों की ओर से, मैं ISRO के वैज्ञानिकों को अग्रिम बधाई देती हूं… वे इस बार सफल होंगे। इसका श्रेय देश के वैज्ञानिकों को जाना चाहिए। उन्होंने अपने संबोधन में दावा किया कि बंगाल के भी कुछ साइंटिस्ट ISRO के इस मिशन में काम कर रहे हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि ममता बनर्जी का राकेश शर्मा की जगह राकेश रोशन वाला बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उन्होंने अपने संबोधन में ये भी कहा कि जैसा कि आप सभी जानते हैं, जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं, उन्होंने मनुष्य को चंद्रमा पर भेजा था। हम छोटे थे। मुझे अभी भी आखिरी बार राकेश रोशन याद हैं, जो चंद्रमा पर उतरे, पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने उनसे पूछा कि वहां से भारत कैसा दिख रहा है?

ममता बनर्जी के इस बयान के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। सोशल मीडिया यूजर्स ने राकेश शर्मा के चेहरे पर लगाए गए राकेश रोशन के चेहरे वाले फोटो शेयर की और उन्हें बधाई दी। एक यूजर ने लिखा कि याद दिलाने के लिए धन्यवाद, ममता जी। अंतरिक्ष यात्री बनने और चंद्रमा पर उतरने पर राकेश रोशन को बड़ी बधाई। एक अन्य ने आगामी चुनावों पर मज़ाक उड़ाते हुए कहा कि I.N.D.I.A गठबंधन से पीएम उम्मीदवार-2। जब पिछली बार राकेश रोशन चंद्रमा पर उतरे थे, तो इंदिरा ने उनसे पूछा था कि वहां से भारत कैसा दिख रहा है? ममता बनर्जी, वह चंद्रमा पर कब उतरे?

राजस्थान के मंत्री की भी फिसली थी जुबान, चंद्रयान-3 के ‘यात्रियों’ को किया सलाम

गौरबतल है कि इससे पहले बुधवार को राजस्थान के खेल मंत्री अशोक चांदना ने भारत के ऐतिहासिक मिशन, चंद्रयान-3 की चांद पर सुरक्षित लैंडिंग पर खुशी जाहिर की। इस दौरान उनकी जुबान फिसल गई। उन्होंने अंतरिक्ष यान के अंदर मौजूद यात्रियों को बधाई दी। चंदना ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हम सफल रहे और सुरक्षित लैंडिंग की। हम उन यात्रियों को सलाम करते हैं जो चले गए हैं। चंद्रयान-3 पर चांदना के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है।

About Post Author